खबर पक्की: रतलाम। 7 वर्षो से हत्या के प्रयास में मोस्ट वांटेड कमल भदौरिया को गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता मिली है। कमल भदौरिया पर जीआरपी, स्टेशन रोड़, औद्योगिक क्षेत्र थानों पर 17 प्रकरण दर्ज है।
एसपी गौरव तिवारी ने बुधवार की दोपहर को पुलिस कंट्रोल रूम पर मीडिया के समक्ष दी जानकारी में बताया कि कमल भदौरिया पिछले 7 वर्षो से प्राण-घातक हमले के मामले में मोस्ट वांटेड था। आरोपी कमल भदौरिया कुख्यात एवं आदतन अपराधी है, जिस पर हत्या और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर प्रकरण विभिन्न थानों में दर्ज है। थाना औद्योगिक क्षेत्र व जीआरपी थाने का निगरानी बदमाश व गुण्डा होकर सात वर्षों से लगातार फरार चल रहा था। आरोपी पर 10 हजार रूपये का इनाम भी घोषित किया था।
मदद करने वालों के ऊपर भी होगी कार्यवाही
एसपी तिवारी ने बताया कि आरोपी कमल भदौरिया की फरारी के दौरान जिन-जिन लोगों ने उसकी आर्थिक मदद व छिपाने के लिए ठिकाने दिए हैं, उन पर भी पुलिस जांच कर रही है, उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। फरारी के दौरान आरोपी अवैध शराब की तस्करी में भी शामिल रहा, उससे पूछताछ की जा रही है।
बड़ौदा से किया गिरफ्तार
एसपी के निर्देश पर एएसपी प्रदीप शर्मा व सीएसपी विवेकसिंह चौहान के निर्देश में टीम गठित की। मुखबीर की सूचना मिलने पर बड़ौदा के एक होटल से आरोपी कमल भदौरिया को गिरफ्तार किया।
यह था मामला
30 जनवरी 2012 फरियादी मयंकसिंह पिता दौलतसिंह जाट निवासी काटजूनगर औद्योगिक क्षेत्र थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी कि कमल भदौरिया, रितेश भदौरिया, भगत भदौरिया, कालू एवं शरद भाटी ने शिखा बार के सामने विवाद किया था, जिसमें भगत भदौरिया के हाथ में तलवार, कमल भदौरिया व रितेश भदौरिया के हाथ में पिस्टल थी। भगत ने तलवार से हमला किया था, जिससे मयंक के बाएं कुल्हे पर चोंट लगी थी। कमल द्वारा की गई फायरिंग से गोली मयंक के कान से पास से गुजरी। फरियादी की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ धारा 307,147,148,149 व 25-27 आम्र्स एक्ट के तहत मामला पंजीकृत किया।
इनकी रही भूमिका
इस कार्यवाही में औद्योगिक क्षेत्र थाने के एसआई विरेंद्र बंदेवार, विजय सागरिया, प्रधानआरक्षक लक्ष्मीनारायण सूर्यवंशी, आरक्षक मनमोहन शर्मा, हिम्मतसिंह, रितेशसिंह की सराहनीय भूमिका रही।
7 वर्षों से फरार कमल भदौरिया बड़ौदा से गिरफ्तार
