खबर पक्की, 16 नवंबर, रतलाम। शहर में लगातार हो रही रात्रिकालीन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रतलाम पुलिस ने रात्रिकालीन गश्त व्यवस्था को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने स्वयं रात में सड़कों पर उतरकर शहर से लेकर हाईवे तक पुलिस गश्त व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा इंतजामों की हकीकत जानी और गश्त में तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
शहर में रात्रि के समय सूने मकानों, कॉलोनियों और अन्य स्थानों पर चोरी की घटनाओं की आशंका को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने अधिकारियों को गश्त व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि रात्रिकालीन गश्त केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि पुलिसकर्मी अपने निर्धारित क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करें और हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखें।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने रात्रि में अचानक गश्त व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने शहर के विभिन्न क्षेत्रों के साथ हाईवे पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान गश्त में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों से चर्चा कर उनकी ड्यूटी की स्थिति और क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान हाईवे किनारे स्थित संदिग्ध स्थानों और ढाबों पर रुककर वहां मौजूद व्यक्तियों की जांच भी की गई। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की नियमानुसार जांच कर आवश्यक जानकारी जुटाई।
पुलिस अधीक्षक ने गश्त अधिकारियों को निर्देश दिए कि रात के समय शहर के संवेदनशील इलाकों, सुनसान सड़कों, मुख्य मार्गों, आवासीय कॉलोनियों और हाईवे पर विशेष निगरानी रखी जाए। ऐसे स्थान जहां चोरी अथवा अन्य आपराधिक वारदात होने की आशंका रहती है, वहां पुलिस की नियमित आवाजाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि गश्त के दौरान पुलिसकर्मी एक स्थान पर खड़े रहने के बजाय लगातार अपने क्षेत्र में भ्रमण करें, ताकि अपराध करने की मंशा रखने वाले असामाजिक तत्वों में पुलिस का भय बना रहे।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि रात्रिकालीन ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की नियमानुसार जांच की जाए तथा किसी भी आपराधिक गतिविधि अथवा संदिग्ध परिस्थिति की सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई की जाए।
रात्रिकालीन निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर राकेश पंद्रो, नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। रतलाम पुलिस का कहना है कि शहर एवं हाईवे पर रात्रिकालीन गश्त और चेकिंग व्यवस्था को लगातार प्रभावी बनाया जा रहा है। पुलिस का मुख्य उद्देश्य चोरी सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना, संदिग्ध तत्वों पर निगरानी रखना और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना है। इसके लिए रात्रिकालीन गश्त, वाहन चेकिंग और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता आगे भी जारी रहेगी।
चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने रात में सड़कों पर उतरे एसपी अमित कुमार, गश्त व्यवस्था का किया औचक निरीक्षण
