खबर पक्की, 16 नवंबर, रतलाम। माणकचौक थाना पुलिस ने बागड़ो का वास क्षेत्र में एक मकान पर दबिश देकर जुआ खेल रहे 14 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से कुल 2 लाख 4 हजार 240 रुपए नकद, ताश की 12 पैक गड्डियां और 52 ताश के पत्ते जब्त किए हैं। पकड़े गए आरोपियों में दो मकान मालिक भी शामिल हैं।
शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली कि बागड़ो का वास स्थित एक मकान में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपए का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। यहां 14 लोग जुआ खेलते मिले। पुलिस ने सभी को पकड़कर मौके से नकदी और ताश की गड्डियां जब्त कीं।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में तरुण पिता हिरालाल कोटवानी (43) और मुरली पिता हिरालाल कोटवानी (40), दोनों निवासी बागड़ो का वास शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों मकान मालिक हैं।
इनके अलावा जाकिर अंसारी (32), अशफाक खान (32), रशीद शाह (45), अशरफ अंसारी (41), पप्पन कुरैशी (39), संदीप जैन (53), सोमिल जैन (39), साजिद कुरैशी (37), खालिद कुरैशी (52), अक्षय जैन (32), विजय टांक (42) और हेमंत शर्मा (42) को भी गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपी रतलाम के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी हैं।
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में कई के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें विजय टांक के खिलाफ 13, अशफाक खान के खिलाफ 9, रशीद शाह के खिलाफ 8 और तरुण कोटवानी के खिलाफ 7 पूर्व अपराध दर्ज होना बताया गया है। अन्य आरोपियों के खिलाफ भी एक से पांच तक पूर्व अपराध दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान, उपनिरीक्षक शांतिलाल चौहान, प्रधान आरक्षक दिनेश जाट, मुकेश सिंह चौहान, वीरेंद्र सिंह बारोड़, विजय झोडिय़ा, राजेश मईडा, राजेश प्रजापति, आरक्षक हेमंत, अविनाश, संदीप शर्मा, अशरफ खान, कुलदीप जाट एवं सैनिक अजय श्रीवास्तव की सराहनीय भूमिका रही।
