खबर पक्की, 14 नवंबर, रतलाम। शहर में वाहन चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि बदमाश एक ही कॉलोनी में एक रात के भीतर चार बाइक चोरी कर ले गए। डीडी नगर थाना क्षेत्र की शिवालय कॉलोनी में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात हुई इस वारदात ने रहवासियों की चिंता बढ़ा दी है। बदमाशों की गतिविधियां कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई हैं। फुटेज में पहले दो संदिग्ध रात करीब 2.46 बजे पैदल घूमते नजर आए, जबकि रात 3.40 बजे चार बदमाश बाइक लेकर जाते दिखाई दिए।
चौंकाने वाली बात यह है कि बदमाशों ने एक बाइक का हैंडल लॉक तक तोड़ दिया और उसे पैदल ही ले जाते नजर आए। सुबह जब रहवासी घरों के बाहर पहुंचे तो उनकी बाइक गायब थीं। इसके बाद चोरी का पता चला और पीडि़तों ने डीडी नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
शिवालय कॉलोनी निवासी लोकेश शर्मा पिता ओमप्रकाश शर्मा ने 13 नवंबर की रात करीब 1 बजे अपनी काले-नीले रंग की बजाज पल्सर घर के बाहर खड़ी की थी। बाइक का हैंडल लॉक भी किया हुआ था, लेकिन सुबह करीब 7 बजे उठने पर बाइक गायब मिली।
आसपास तलाश करने पर पता चला कि कॉलोनी में तीन अन्य बाइक भी चोरी हुई हैं। चंद्रवीर सिंह गोयल के घर के बाहर खड़ी दो बाइक बदमाश ले गए। इनमें एक साइन एचपी और दूसरी ग्रे रंग की साइन बाइक शामिल है। वहीं, लोकेश पाटीदार की स्प्लेंडर प्लस भी चोरी हो गई।
कॉलोनी के सीसीटीवी फुटेज में रात 2.46 बजे दो संदिग्ध पैदल घूमते दिखाई दे रहे हैं। इसके करीब एक घंटे बाद रात 3.40 बजे बदमाश बाइक चोरी कर ले जाते कैद हुए हैं। फुटेज में चार बदमाश बाइक पर जाते नजर आ रहे हैं। एक बाइक का हैंडल लॉक तोड़कर उसे हाथ से ले जाने की गतिविधि भी सामने आई है।
एक ही रात में चार बाइक चोरी होने से कॉलोनी के रहवासियों में चिंता है। पीडि़तों की शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने और चोरी गई बाइकों की तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं।
एक ही रात में चार बाइक चोरी,शहर की शिवालय कॉलोनी में बेखौफ घूमते रहे बदमाश, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
