खबर पक्की, 16 नवंबर, रतलाम। मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों के खिलाफ रतलाम पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। थाना रिंगनोद क्षेत्र के ग्राम ढोढर निवासी डोडाचूरा तस्कर विवेक पिता प्रहलाद पोरवाल की करीब 8 करोड़ 90 लाख रुपए मूल्य की संपत्ति फ्रीज करने के आदेश की सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, सफेमा एवं एनडीपीएसए, मुंबई ने पुष्टि कर दी है। यह कार्रवाई मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित काली कमाई के आर्थिक आधार को समाप्त करने के उद्देश्य से की गई है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में एनडीपीएस अधिनियम के तहत तस्करों की अवैध संपत्तियों को चिह्नित कर उन्हें फ्रीज कराने की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में रिंगनोद पुलिस ने विवेक पोरवाल की संपत्तियों के संबंध में वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर प्रकरण सक्षम प्राधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया था।
पुलिस के अनुसार विवेक पोरवाल को 23 सितंबर 2022 को करीब 1900 किलोग्राम डोडाचूरा की जब्ती के मामले में गिरफ्तार किया गया था। इस संबंध में अपराध क्रमांक 172/2022 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8 एवं 15 में प्रकरण दर्ज किया गया था। विशेष न्यायाधीश (एनडीपीएस), ग्वालियर ने 24 मार्च 2026 को सुनाए गए फैसले में आरोपी को 14 वर्ष के सश्रम कारावास एवं एक लाख रुपए के अर्थदंड से दंडित किया था।
आरोपी की संपत्तियों को फ्रीज करने के लिए की गई कार्रवाई की पुष्टि 11 नवंबर 2026 को सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, सफेमा एवं एनडीपीएसए, मुंबई (वित्त मंत्रालय, राजस्व विभाग) ने एनडीपीएस अधिनियम की धारा 68-एफ (2) के तहत कर दी है। फ्रीज की गई संपत्तियों का कुल अनुमानित मूल्य 8 करोड़ 90 लाख रुपए बताया गया है।
ये संपत्तियां की गईं फ्रीज
पुलिस के अनुसार आरोपी की संपत्तियों में कृषि भूमि और आवासीय भूखंड शामिल हैं।
- कृषि भूमि- विभिन्न सर्वे नंबरों 1520/1, 1421/2/1, 1422/2/1, 1422/3, 1421/2/2, 1411/2, 1420/2, 1422/2/2, 751/2, 752, 753, 755/3, 846/2, 491/1, 491/3, 495, 849, 1512/2 एवं 496/1 की कृषि भूमि, जिसका अनुमानित मूल्य करीब 7 करोड़ 50 लाख रुपए है।
- आवासीय भूमि- भूखंड क्रमांक 334, जिसका अनुमानित मूल्य एक करोड़ रुपए है।
100 करोड़ से अधिक की संपत्तियों पर कार्रवाई के लिए भेजे प्रकरण
रतलाम पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। अब तक 100 करोड़ रुपए से अधिक मूल्य की संपत्तियों को फ्रीज कराने के लिए सफेमा न्यायालय में प्रकरण भेजे जा चुके हैं। इनमें से करीब 48 करोड़ 14 लाख रुपए मूल्य की संपत्तियों को फ्रीज करने के आदेश जारी हो चुके हैं।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक जितेंद्र सिंह जादौन, सहायक उपनिरीक्षक दिनेश चंद्र नागर, प्रधान आरक्षक मनीषा पाटीदार एवं आरक्षक नरेंद्र सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
रतलाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल आरोपियों के विरुद्ध आपराधिक कार्रवाई के साथ ही उनकी अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों पर भी शिकंजा कसा जाएगा। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त अन्य लोगों को भी चिह्नित कर उनकी संपत्तियों को फ्रीज कराने की कार्रवाई की जाएगी।
