• Wed. Jul 29th, 2026

नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने का कार्य 2 से 9 नवम्बर तक होगा, 4 एवं 7 नवम्बर अवकाश दिवस रहेंगे

BySurendra Jain

Oct 31, 2018

रतलाम। विधानसभा निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार नामांकन प्रक्रिया प्रारम्भ करने की तिथि शुक्रवार 2 नवम्बर है। नाम निर्देशन पत्र 2 नवम्बर से 9 नवम्बर तक (शासकीय अवकाश दिवस 4 एवं 7 नवम्बर को छोड़कर) प्रात: 11 से 3 बजे तक स्वीकारे जायेंगे। नामांकन की अन्तिम तिथि शुक्रवार 9 नवम्बर है। सोमवार 12 नवम्बर को नामांकन पत्रों की जांच की जायेगी। अभ्यर्थियों से नाम वापसी के लिये बुधवार 14 नवम्बर की तिथि तय की गई है। मतदान बुधवार 28 नवम्बर को होगा और मंगलवार 11 दिसम्बर को मतगणना होगी।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती रूचिका चौहान ने नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने के लिए पांचो विधानसभा क्षेत्रों के रिटर्निंग अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए है तथा नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने के लिए की गई व्यवस्थाओं को अवलोकन कर समस्त व्यवस्थाओं को पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया है। नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने के लिए विधानसभा क्षेत्रवार रिटर्निंग आफिसर नियुक्त किए जा चुके हैं, जिनके साथ सहायक रिटर्निंग आफिसर भी नियोजित किए गए है। 219 रतलाम ग्रामीण (अजजा) विधानसभा क्षेत्र के लिए रिटर्निंग आफिसर सुश्री शिराली जैन तथा सहायक रिटर्निंग आफिसर तहसीलदार रतलाम ग्रामीण एव ंनायब तहसीलदार रतलाम रहेंगे। 220 रतलाम शहर विधानसभा क्षेत्र के लिए रिटर्निंग आफिसर राहुल धोटे एवं सहायक रिटर्निंग आफिसर अधीक्षक भू-अभिलेख रतलाम एवं तहसीलदार रतलाम होंगे। 221 सैलाना (अजजा) विधानसभा क्षेत्र के लिए रिटर्निंग आफिसर श्रीमती लक्ष्मी गामड़ एवं सहायक रिटर्निंग आफिसर तहसीलदार सैलाना एवं बाजना रहेंगे। 222 जावरा विधानसभा क्षेत्र के लिए रिटर्निंग आफिसर श्री मोहनलाल आर्य एवं सहायक रिटर्निग आफिसर तहसीलदार जावरा एवं पिपलोदा रहेंगे। 223 आलोट (अजा) के लिए रिटर्निंग आफिसर चंदरसिंह सोलंकी एवं सहायक रिटर्निंग आफिसर तहसीलदार आलोट एवं ताल रहेंगे।
यहां जमा होंगे नाम निर्देशन पत्र
जिले में पांचो विधानसभा क्षेत्रों के लिए नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने के लिए स्थान निर्धारित किए जा चुके हैं। 219 रतलाम ग्रामीण (अजजा) विधानसभा क्षेत्र के लिए अनुविभागीय अधिकारी रतलाम ग्रामीण कार्यालय पुराना कलेक्टोरेट रतलाम, 220 रतलाम शहर विधानसभा क्षेत्र के लिए न्यायालय अनुविभागीय अधिकारी रतलाम शहर कक्ष क्रमांक 5 नवीन कलेक्टोरेट भवन रतलाम, 221 सैलाना (अजजा) विधानसभा क्षेत्र के लिए अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय सैलाना, 222 जावरा विधानसभा क्षेत्र के लिए अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय जावरा एवं 223 आलोट (अजा) के लिए अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय आलोट में नाम निर्देशन पत्र स्वीकारे जायेंगे। उक्त निर्धारित स्थानों पर रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी उपस्थित रहेंगे तथा नाम निर्देशन पत्र निर्धारित समय प्रात: 11 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक प्राप्त करेंगे।
अभ्यर्थी सहित पांच व्यक्तियों को प्रवेश की अनुमति रहेगी
नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने वाले अभ्यर्थियों के लिए जारी दिशा-निर्देशों में निर्वाचन आयोग ने अभ्यर्थी के दस्ते में या उसके साथ आने वाले वाहनों की अधिकतम संख्या रिटर्निंग आफिसर के कार्यालय के 100 मीटर की परिधि के भीतर 3 वाहन एवं अधिकतम अभ्यर्थी सहित 5 व्यक्तियों को प्रवेश की अनुमति होगी।

error: Content is protected !!