• Sun. Aug 2nd, 2026

चौथे दिन भी किसान आंदोलन का नहीं दिख रहा असर, पुलिस सतर्क

BySurendra Jain

Jun 4, 2018

इंदौर। किसान आंदोलन के चौथे दिन सोमवार को इसका असर सब्जी और दूध पर देखने को नहीं मिला। करीब सभी मंडियों में सामान्य दिनों की तरह सब्जी बेचने किसान पहुंचे। कई जगह सब्जियों की आवक बढऩे से उनके दाम घट गए हैं।
नीमच में किसान आंदोलन के मद्देनजर महू-नसीराबाद रोड (नेशनल हाई-वे क्रमांक 79) स्थित हरकिया खाल फंटे पर पुलिस बल मुस्तैद है। अन्य स्थानों पर भी पुलिस की पेट्रोलिंग व नाकेबंदी जारी है।
शाजापुर में आंदोलन का कोई असर नहीं। प्याज मंडी में अच्छी आवक रहीं, सिर्फ पहले दिन ही आवक हुई थी प्रभावित। सब्जी मंडी में पुलिस तैनात है। कोई गड़बड़ की सूचना नहीं है। आगर में भी शांति का माहौल है।
रायसेन जिले में भी मंडी में स्थिति आम दिनों की तरह सामान्य रही।
रविवार को भी रहा शांति का माहौल
रविवार को भी मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों में किसान आंदोलन कमोबेश शांतिपूर्ण रहा। प्रशासन की सतर्कता जिलों में काम आई। कई इलाकों में संगीनों के साये में दूध व सब्जी की आपूर्ति की जा रही है। नीमच, जावद, मनासा व जीरन सहित अन्य स्थानों पर तड़के से पुलिस मोर्चा संभाल लेती है। बेरिकेडिंग कर अधिकारी-कर्मचारी मुस्तैद हो जाते हैं। वे दूध व सब्जी विक्रेताओं से रास्ते की परेशानियां पूछते हैं। इधर, मनासा क्षेत्र के भारतीय किसान यूनियन प्रभावित कुछ गांवों में आंदोलन का आंशिक असर दिखा।

error: Content is protected !!