खबर पक्की, 24 नवंबर, रतलाम। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जावरा औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 360 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
एसपी अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार एवं नगर पुलिस अधीक्षक जावरा युवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सुमित मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 23 नवंबर को उज्जैन बायपास स्थित हजरत निजामुद्दीन औलिया की दरगाह के सामने कार्रवाई की। इस दौरान मारुति ईको कार क्रमांक एमपी 04 सीवाई 2693 की तलाशी लेने पर 18 प्लास्टिक के कट्टों में भरा 3 क्विंटल 60 किलोग्राम डोडाचूरा मिला।
पुलिस ने डोडाचूरा जिसकी कीमत 7.20 लाख रुपए और 8 लाख रुपए कीमत की कार सहित कुल 15.20 लाख रुपए का मश्रुका जब्त किया। मौके से जुझार पिता भेरूलाल खराड़ी (24), निवासी ग्राम पिपलखेड़ी, थाना भावगढ़, जिला मंदसौर को गिरफ्तार किया गया।
आरोपी के खिलाफ थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। पुलिस आरोपी से मादक पदार्थ के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
कार्रवाई में इनकी रही सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुमित मिश्रा, उपनिरीक्षक रघुवीर जोशी, सहायक उपनिरीक्षक छगनलाल हाड़ा, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र सिंह, बद्रीलाल चौधरी, सोहन भवेल तथा आरक्षक योगेंद्र, गोविंद पंवार, चेतन राठौर, शादाब बेग और योगेश राठौर की सराहनीय भूमिका रही।
जावरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 360 किलो डोडाचूरा के साथ तस्कर गिरफ्तार, कार से 18 कट्टों में भरा डोडाचूरा जब्त, कुल 15.20 लाख रुपए का मश्रुका बरामद
