खबर पक्की, 24 नवंबर, रतलाम। मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ रतलाम पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत एक और बड़ी कार्रवाई की गई है। थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा में दर्ज डोडाचूरा तस्करी के मामले में आरोपी आदिल खान की 2 करोड़ 80 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति फ्रीज करने के आदेश जारी किए गए हैं। सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक (सफेमा/एनडीपीएसए), मुंबई ने 23 नवंबर 2026 को एनडीपीएस अधिनियम की धारा 68एफ(2) के तहत संपत्ति फ्रीज करने की कार्रवाई की पुष्टि की है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों के विरुद्ध लगातार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य नशे के कारोबार से अर्जित काली कमाई के आर्थिक आधार को समाप्त करना है, ताकि तस्करी में संलिप्त आरोपियों को आर्थिक रूप से भी कमजोर किया जा सके।
इसी अभियान के तहत थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा पुलिस द्वारा 252 किलो 800 ग्राम डोडाचूरा (पोस्त भूसा) की तस्करी के प्रकरण में आरोपी आदिल खान पिता आबिद खान, निवासी महावीर कॉलोनी, तहसील पिपलौदा की संपत्तियों को चिह्नित कर फ्रीज करने का प्रस्ताव तैयार किया गया था। पुलिस की वैधानिक प्रक्रिया के बाद मुंबई स्थित सक्षम प्राधिकारी ने संपत्तियों को फ्रीज करने के आदेश जारी कर दिए।
इन संपत्तियों पर हुई कार्रवाई
फ्रीज की गई संपत्तियों में सर्वे नंबर 63/1/1/2 की 0.215 हेक्टेयर कृषि भूमि शामिल है, जिसका मूल्य 60 लाख रुपये बताया गया है। इसके अलावा सर्वे नंबर 261/1, 261/2, 262/4, 262/5, 264/1 एवं 264/2 की छह खंडों में स्थित व्यावसायिक भूमि का मूल्य 2 करोड़ रुपये है। वहीं सर्वे नंबर 264 की अन्य व्यावसायिक भूमि का मूल्य 20 लाख रुपये निर्धारित किया गया है। इस प्रकार कुल 2 करोड़ 80 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज करने के आदेश जारी हुए हैं।
136 करोड़ से अधिक की संपत्तियों के प्रकरण भेजे
पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध केवल आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित न रहते हुए, अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों पर भी शिकंजा कसा जा रहा है। पुलिस के अनुसार अब तक 136 करोड़ 51 लाख रुपये से अधिक मूल्य की संपत्तियों को फ्रीज कराने के लिए प्रकरण सफेमा न्यायालय भेजे जा चुके हैं। इनमें से लगभग 50 करोड़ 94 लाख रुपये मूल्य की संपत्तियों को फ्रीज करने के आदेश जारी हो चुके हैं।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा के निरीक्षक सुमित मिश्रा, सहायक उपनिरीक्षक दिनेश चंद्र नागर, प्रधान आरक्षक मनीषा पाटीदार एवं आरक्षक सुनीता जाट की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी और इससे अर्जित काली कमाई के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। नशे के कारोबार में संलिप्त अन्य लोगों को भी चिह्नित किया जा रहा है। उनकी अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को फ्रीज कराने के लिए भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का लक्ष्य नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाकर समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाना है।
