खबर पक्की, 24 नवंबर, रतलाम। शादी का झांसा देकर 16 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। नाबालिग के गर्भवती होने के बाद आरोपी युवक ही उसे प्रसव के लिए जिला अस्पताल के एमसीएच लेकर पहुंचा। यहां नाबालिग ने एक बच्ची को जन्म दिया। अस्पताल से सूचना मिलने पर महिला थाना पुलिस पहुंची और पीडि़ता के बयान दर्ज किए। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
मामला डीडीनगर थाना क्षेत्र का है। सोमवार शाम नाबालिग के पेट में तेज दर्द हुआ तो अजय निनामा उसे डिलीवरी के लिए एमसीएच अस्पताल लेकर पहुंचा। प्रसव की सूचना मिलने पर महिला थाना प्रभारी रेखा चौधरी अस्पताल पहुंचीं और पीडि़ता के बयान दर्ज किए।
पीडि़ता ने पुलिस को बताया कि उसका अजय निनामा पिता शांतिलाल निनामा से प्रेम प्रसंग था। अजय उसे मिलने के लिए अपने घर बुलाता था। आरोप है कि इसी साल फरवरी में उसने शादी का झांसा देकर अपने घर में नाबालिग के साथ शारीरिक संबंध बनाए।
गर्भवती होने पर भी परिवार को नहीं बताई बात
पीडि़ता के बयान के अनुसार, घटना के दो-तीन महीने बाद उसे गर्भवती होने का पता चला। आरोपी ने उससे शादी करने का भरोसा दिया था। इसी वजह से उसने गर्भवती होने की बात परिवार के लोगों को नहीं बताई। सोमवार को पेट में तेज दर्द होने पर आरोपी उसे अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां उसने बच्ची को जन्म दिया।
स्कूल रिकॉर्ड से हुई उम्र की पुष्टि
पुलिस ने नाबालिग की उम्र की पुष्टि के लिए उसके स्कूल से जन्मतिथि का रिकॉर्ड लिया। इसमें उसकी जन्मतिथि 10 जनवरी 2010 दर्ज मिली। इसके बाद महिला थाना पुलिस ने आरोपी अजय निनामा के खिलाफ धारा 64(1) और पॉक्सो एक्ट की धारा के तहत शून्य पर केस दर्ज किया। मामला आगे की जांच के लिए डीडीनगर थाने भेज दिया गया है। डीडीनगर थाना पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
