मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार बड़ी कार्रवाइयाँ सामने आई हैं। दो दिन पहले मुंबई पुलिस ने रतलाम में दबिश देकर करोड़ों रुपये की एमडी ड्रग्स जब्त की थी, वहीं इसके बाद रतलाम पुलिस ने जिले के चिकलाना–जावरा क्षेत्र में अवैध एमडी ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है।

जानकारी के अनुसार, दो दिन पूर्व मुंबई पुलिस की टीम ने रतलाम में छापा मारकर करीब 10 करोड़ रुपये मूल्य की एमडी ड्रग्स जब्त की थी। इस कार्रवाई में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि जब्त की गई एमडी ड्रग्स की सप्लाई और नेटवर्क के तार रतलाम से जुड़े हुए हैं।
इसी कड़ी में रतलाम पुलिस ने आगे कार्रवाई करते हुए जिले के ग्राम चिकलाना में अवैध रूप से संचालित एमडी ड्रग फैक्ट्री पर छापा मारा। पुलिस ने मौके से करीब 10 किलो एमडी ड्रग्स, ड्रग बनाने में इस्तेमाल होने वाले केमिकल, ड्रम, मशीनरी और अन्य सामग्री जब्त की। इसके साथ ही बंदूक, कारतूस सहित कई हथियार भी पुलिस के हाथ लगे हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार, मुंबई पुलिस की कार्रवाई और रतलाम में पकड़ी गई ड्रग फैक्ट्री के बीच संबंधों की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।
लगातार हो रही इन कार्रवाइयों को पुलिस नशे के खिलाफ बड़ी सफलता मान रही है और पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए जांच जारी है।
इस मामले में पुलिस ने कुल 16 लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह लंबे समय से नशीले पदार्थों के निर्माण और तस्करी में सक्रिय था। पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क के तार अन्य राज्यों तक भी जुड़े हो सकते हैं।
आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने की दिशा में बड़ी सफलता मानी जा रही है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।
