रतलाम। उकांला रोड़ क्षेत्र में सोमवार दोपहर करीब 2 बजे पैदल गुजर रही एक वृद्ध महिला के गले से दो बदमाश सोने की चेन झपट कर भाग निकले। वारदात की सूचना मिलने के तत्काल बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। पुलिस अब हुलिए के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।
लूट की यह वारदात कमलाबाई पति अंबालाल शर्मा उम्र 75 साल निवासी मालीकुआं के साथ हुई है। वे रिश्तेदार परिवार में किसी की मृत्यु होने पर संवेदना व्यक्त करने समता परिसर गई हुई थी और वहीं से वापस अपने घर लौट रही थी। कमलाबाई के साथ एक अन्य महिला भी थी। उंकाला रोड पर केर बावड़ी के नजदीक मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाश उनके नजदीक आए, इनमें से एक ने चलती गाड़ी से ही कमलाबाई के गले पर झपट्टा मारा और चेन खींच ली। लूटी गई चेन की कीमत करीब 60 हजार रूपए है। दोनों महिलाओं ने शोर मचाया, एक राहगीर ने मोबाइल पर पुलिस को घटना की सूचना दी। तत्काल घेराबंदी की गई लेकिन नतीजा सिफर निकला। स्टेशन रोड़ थाने में इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।
