रतलाम। केसरिया रंग तने लाग्योल्या गरबा, केसरिया रंग तने लाग्योल्या लाल… देश रंगीला रंगीला देश मेरा रंगीला… भारतीय लोक संस्कृति की धुनों पर लहंगा, चुनरी, सुंदर साडिय़ों और परिधानों में सजी, धुनों पर सखियों के साथ थिरकती, लय और क्रम में मुद्राएं बनाती बालिकाएं और महिलाऐं। चांदनी रात में चांदनी चौक की सड़क पर चलते गरबा रास में न केवल भाग लेने वाली आराधिकाएं बल्कि देखने वाले भी मंत्रमुग्ध हो गए।
यह नजारा था आजाद चौक सांस्कृतिक मंच द्वारा आयोजित भव्य तीन दिवसीय शरद पूर्णिमा गरबा महोत्सव का। गरबा महोत्सव की उत्साह और उमंग भरे माहौल में शुरुआत शुक्रवार रात को हुई। शुभारंभ पर मां दुर्गा की महाआरती अतिथि पूर्व गृह मंत्री हिम्मत कोठारी, पूर्व आरडीए अध्यक्ष विष्णु त्रिपाठी, भाजपा के जिला महामंत्री प्रदीप उपाध्याय, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के पूर्व अध्यक्ष अशोक चौटाला, रेडक्रास सोसायटी के चेयरमेन महेंद्र गादिया, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष, समाजसेवी राजेंद्र शर्मा, समाजसेवी गोपाल शर्मा टंच और कैलाश भारती ने उतारी।
आजाद चौक सांस्कृतिक मंच की ओर से संयोजिका प्रेमलता दवे, सहसंयोजक अंकित सिसोदिया, संस्था अध्यक्ष मदन सोनी, कोषाध्यक्ष यश दवे आदि ने अतिथियों को मां दुर्गा के साथ ही महात्मा गांधी की प्रतिमा तथा मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद भव्य गरबा रास प्रारंभ हुआ जो मध्य रात्रि तक चलता रहा। आयोजन को देखने के लिए दर्शकों की भीड़ लगी रही।
महात्मा गांधी को समर्पित महोत्सव
तीन दिवसीय महोत्सव की थीम इस साल महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर रखी गई है। इसी के परिपालन में गरबा प्रांगण में भी महात्मा गांधी के समग्र स्वच्छता, समग्र एकता पर आधारित सजावट रही। खूबसूरत प्रांगण के बीचों बीच कार्यकर्ताओं द्वारा हाथों से बनाई गई खूबसूरत भव्य रंगोली थी जिसके चारों ओर रस्सियों और बैरीकेट के अंदर सुंदर गरबा रास होता रहा। दर्शक उन्हें बिना किसी दिक्कत के देख सकें, इसके महिलाओं, पुरुषों के लिए पृथक व्यस्थित व्यवस्था भी रही। करीब 80 से ज्यादा वोलेटियर्स और पुलिसकर्मी तथा समाजसेवियों ने सुरक्षा और अन्य व्यवस्था भी संभालें रखी। गरबा आयोजन में बच्चियों के स्वास्थ का भी ध्यान रखते हुए स्वल्पाहार की व्यवस्था भी की गई।
आज से मिलेंगे श्रेष्ठ और लक्की ड्रा के उपहार
मंच की संयोजिका प्रेमलता दवे ने बताया कि आयोजन में 500 से भी ज्यादा आराधिकाओं ने रजिस्ट्रेशन करवाया है। तीनों दिनों संस्था द्वारा आमंत्रित निर्णायक श्रेष्ठ गरबा करने वाली बालिका के साथ श्रेष्ठ भावभंगिमा (एक्सप्रेशन), श्रेष्ठ परिधान (ड्रेसअप), श्रेष्ठ मुद्राएं आदि का चयन किया जाएगा। शुक्रवार को चयनित प्रतिभागियों को आज यानी शनिवार को पुरस्कृत किया जाएगा। इसमें पहला पुरस्कार
10 ग्राम सोने का सिक्का, द्वितीय पुरस्कार 5 ग्राम सोने का सिक्का तथा तृतीय पुरस्कार तीन ग्राम सोने का सिक्का दिया जाएगा। चतुर्थ पुरस्कार के रुप में 150 ग्राम चांदी का सिक्का, पंचम पुरस्कार 100 ग्राम चांदी का सिक्का एवं छठे व सातवें पुरस्कार के लिए 50 ग्राम चांदी के सिक्के दिया जाएगा। 10 लक्की ड्रा 10 चांदी के सिक्के, गरबारास प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहन के रुप में दिया जाएगा।
हर बालिका को उसका पूरा हक देने की ली शपथ
गरबा रास के प्रारंभ में महिला बाल विकास विभाग की ओर से कार्यक्रम अधिकारी सुनीता यादव, परियोजना अधिकारी अचर्ना माहौर, पर्यवेक्षक एहतेशाम अंसारी सहित विभाग के अधिकारी, कार्यकर्ता मौजूद थे। कार्यक्रम अधिकारी ने वहां उपस्थित सभी अतिथियों, समिति सदस्यों, आराधिकाओं, दर्शकों को बेटी बचाओ, बेटी पढाओ की शपथ दिलाई। इसमें सभी ने अपने घर, परिवार में बेटियों को भी जीवन, अच्छा पोषण, शिक्षा, नौकरी के साथ जीने का अधिकार, सुरक्षित माहौल और सभ्य समाज देने की भी शपथ ली।
चांदनी रात में चांदनी चौक पर भारतीय संस्कृति और देशभक्ति की धुनों पर थिरके कदम
