रतलाम। स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के लालजी का बाग (धबाईजी का वास) चार चक्की चौराहा के समीप एक युवक ने पत्नी के दूसरे से प्रेम संबंध होने की शंका में आधी रात को पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपित पति थाने पहुंचा और खुद को पुलिस को हवाले कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। सूचना मिलने पर प्रतापगढ़ (राजस्थान) से मायके पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव मायके पक्ष को सौंप दिया। वे शव प्रतापगढ़ ले गए। जानकारी के अनुसार आरोपित पति अनीस कुरैशी पिता मोहम्मद शरीफ कुरैशी (35) निवासी ग्राम तामेसरा जिला बांसवाड़ा (राजस्थान) हालमुकाम स्थानीय चार चक्की चौराहा के समीप लालजी का बाग कई वर्षों से पत्नी नाजनीन के साथ रतलाम आकर रह रहा था। वह लोडिंग वाहन चलाने का कार्य करता था। उसकी पत्नी नाजनीन पिता इकबाल हुसैन मूल रूप से राजस्थान के प्रतापगढ़ की रहने वाली थी। दोनों का विवाह करीब 15 साल पहले हुआ था।
पिछले कुछ वर्षों से पति-पत्नी में किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता था और पति पत्नी से मारपीट करता था। पत्नी ने पूर्व में मारपीट की शिकायत भी पुलिस में की थी। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब डेढ़ बजे पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। इस दौरान आरोपित पति अनीस ने दो बार पत्नी का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या करने के बाद वह थाने पहुंचा। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया है।
बेटी ने बताया कि दो बार दबाया गला सूचना मिलने पर नाजनीज के पिता इकबाल हुसैन, मां शहनाज बी व अन्य परिजन सुबह जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बेटी का शव देखा और बेटी के बच्चों से घटना की जानकारी ली। नाजनीन की मां शहनाज ने पुलिस को बताया कि नाजनीन के दो पुत्र व एक पुत्री है। एक साल पहले दामाद अनीस पत्नी व बच्चों के साथ हाट रोड पर सलीम नामक व्यक्ति के मकान में किराये से रह रहा था। बाद में वहां से मकान खाली कर चार चक्का चौराहा के पास आकर रहने लगे थे। एक वर्ष पहले अनीस ने फोन कर बताया था कि नाजनीन व सलीम के बीच प्रेम संबंध है। उन्होंने दोनों को बुलाकर समझा दिया था।
बीती रात किसी ने फोन कर उन्हें बताया कि आरोपित अनीस ने उनकी बेटी की हत्या कर दी है। इस पर वह परिजन के साथ अस्पताल पहुंची। नाजनीन की बेटी ने बताया कि रात में मम्मी व पापा के बीच झगड़ हुआ था। मम्मी ने कहा था वह उनके साथ नहीं रहेगी। इसके बाद पापा ने दो बार गला दबा दिया। इससे नाजनीन की मौत हो गई।
प्रेम संबंध की शंका में पति ने की पत्नी की हत्या, फिर पहुंचा थाने
