खबर पक्की, 16 नवंबर, रतलाम। जिले में नवजात शिशु सुरक्षा सप्ताह एवं सांस अभियान का शुभारंभ सोमवार को जिला चिकित्सालय की मातृ एवं शिशु चिकित्सा इकाई में किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर अजय कटेसरिया, विकास प्राधिकरण अध्यक्ष मनोहर पोरवाल, रोगी कल्याण समिति सदस्य एवं एल्डरमैन हेमंत राहोरी, सीएमएचओ डॉ. किरण वाडीवा तथा सिविल सर्जन डॉ. एपी सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
सिविल सर्जन डॉ. एपी सिंह ने बताया कि नवजात शिशु सुरक्षा सप्ताह 15 से 21 नवंबर तक तथा सांस अभियान 12 नवंबर से 18 फरवरी तक संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत समुदाय एवं स्वास्थ्य संस्थानों में शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को निमोनिया एवं अन्य बीमारियों से बचाव के लिए जागरूकता और स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
एसएनसीयू में भर्ती बच्चों की माताओं से किया संवाद
कार्यक्रम के बाद कलेक्टर अजय कटेसरिया ने मातृ एवं शिशु चिकित्सा इकाई का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई (एसएनसीयू) में भर्ती बच्चों की माताओं से मुलाकात कर बच्चों के स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों का निर्धारित समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए यदि किसी भी प्रकार के संसाधनों की कमी है तो उसका विधिवत प्रस्ताव प्रस्तुत करें, ताकि रेडक्रॉस एवं अन्य माध्यमों से आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित की जा सकें।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मातृ एवं शिशु चिकित्सा इकाई में उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं पर संतोष व्यक्त किया।
नवजात शिशु सुरक्षा सप्ताह एवं सांस अभियान का शुभारंभ, कलेक्टर ने किया मातृ एवं शिशु चिकित्सा इकाई का निरीक्षण, एसएनसीयू में भर्ती बच्चों की माताओं से चर्चा कर स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी ली, समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
