• Fri. Sep 18th, 2026

संकट की घड़ी में अपने आपको अकेला नहीं, समझे पूरी सरकार आपके साथ, अतिवृष्टि प्रभावित कोई भी व्यक्ति मुआवजे से वंचित नहीं रहे, यह सुनिश्चित किया जाए, प्रभारी मंत्री सचिन यादव ने जावरा तथा आलोट विकासखंड के गांवों का भ्रमण कर मकानों, फसलों के नुकसान का जायजा लिया

BySurendra Jain

Sep 18, 2019

रतलाम 18 सितम्बर 2019/ जिले में अतिवृष्टि से प्रभावित कोई भी व्यक्ति राहत राशि से वंचित नहीं रहे, यदि कोई व्यक्ति छूट गया हो तो उसे तत्काल सूचीबद्ध किया जाए। यह निर्देश जिले के प्रभारी मंत्री श्री सचिन यादव ने आज जावरा विकासखंड के ग्राम पिपलिया जोधा, पीपलोदी, हनुमंत्या गांव में अतिवृष्टि से मकानों, फसलों के नुकसान का जायजा लेते हुए दिए। प्रभारी मंत्री ने आलोट विकासखंड के ग्राम माल्या, दुधाखेड़ी, करवाखेडी एवं माधोपुर पहुंचकर ग्रामीणों से चर्चा की और मकानों एवं फसलों की नुकसानी का जायजा लिया।
इस दौरान प्रभारी मंत्री गांव में गलियों तथा मोहल्लों में पहुंचे, मकानों के अंदर जाकर क्षति का निरीक्षण किया। साथ में मौजूद कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान तथा एस.पी. श्री गौरव तिवारी को आवश्यक निर्देश दिए। बताया गया कि जावरा विकासखंड के लगभग 650 मकान सूचीबद्ध किए जाकर 2 करोड़ 42 लाख रूपए मुआवजा राशि वितरित की जा रही है। प्रभावित परिवारों को 50 किलो अनाज और 5 लीटर केरोसिन तथा 5000 रुपये रसोई सामग्री के लिए दिए जा रहे हैं।
प्रभारी मंत्री सचिन यादव ने आलोट विकासखंड के ग्राम माधोपुरा में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि विपदा और संकट की घड़ी में ग्रामीणजन और किसान अपने आपको अकेला नहीं समझे, पूरी सरकार आपके साथ है। अतिवृष्टि से जो भी नुकसान हुआ है उसकी भरपाई सरकार करेगी। प्रशासन का अमला दिन-रात आपकी सेवा के लिए जुट गया है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि जिनके मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं उसकी भरपाई के लिए प्रकरण तैयार कर लिए गए हैं। एक-दो दिनों में राशि आप के बैंक खातों में आ जाएगी। मुआवजा राशि के अलावा घरों में पानी घुसने पर 5000 रूपए भी बर्तन, किराना इत्यादि खरीदने के लिए दिए जा रहे हैं। साथ ही 50 किलो अनाज और 5 लीटर केरोसिन भी दिया जा रहा है। आलोट क्षेत्र में विधायक श्री मनोज चावला के साथ-साथ जिला प्रशासन ने आपदा पीड़ितों की मदद के लिए तत्परता से कदम उठाए हैं। हमारी बीमा वालों के साथ भी बैठक हो गई है जिसमें उनको फसल नुकसान की भरपाई के लिए निर्देशित किया गया है। ग्रामीण अपने नुकसान के संबंध में अपनी संबंधित सहकारी समिति में भी आवेदन दे सकते हैं। राज्य सरकार आपकी मदद के लिए कोई कोरकसर बाकी नहीं रखेगी। इस अवसर पर विधायक श्री मनोज चावला ने भी संबोधित किया।
जिनके मकान क्षतिग्रस्त उनके रहने की वैकल्पिक व्यवस्था के निर्देश एसडीएम को
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री श्री यादव ने आलोट एसडीएम को निर्देश दिए कि जिन व्यक्तियों के मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं कि वह रह नहीं पा रहे हैं, उन व्यक्तियों के लिए रहने की वैकल्पिक व्यवस्था अन्य स्थानों पर की जाए। उन वैकल्पिक जगहों पर भोजन, बिजली, पानी इत्यादि सभी व्यवस्थाओं की पूर्ति सुनिश्चित रूप से की जाए। इस दौरान श्री राजेश भरावा, डी.पी. धाकड़, जावरा विधायक राजेंद्र पांडे, के.के. सिंह कालूखेड़ा, आलोट विधायक मनोज चावला, दिनेश शर्मा, कीर्तिशरणसिंह, राधेश्याम बैरागी, सुरेश जाट, वीरेंद्रसिंह सोलंकी, निजाम काजी, एसडीएम, तहसीलदार आदि उपस्थित थे।

क्रमांक 97/14307/2019

You missed

error: Content is protected !!