• Thu. Nov 12th, 2026

रतलाम रेंज में 15 दिवसीय मादक पदार्थ विरोधी अभियान, 168 आरोपी गिरफ्तार, 29 प्रकरणों में 46 आरोपी पकड़े, 41 प्रकरणों में पीआईटी एनडीपीएस के तहत कार्रवाई; 149500 रुपये के इनामी आरोपी भी गिरफ्तार

BySurendra Jain

Nov 12, 2026

खबर पक्की, 12 नवंबर, रतलाम। मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए रतलाम रेंज में 27 अक्टूबर से 10 नवंबर 2026 तक 15 दिवसीय विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान रतलाम, मंदसौर और नीमच जिलों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए कुल 168 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
अभियान के तहत एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत रतलाम जिले में 12 प्रकरण दर्ज कर 18 आरोपियों, मंदसौर में 11 प्रकरणों में 17 आरोपियों तथा नीमच में 6 प्रकरणों में 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस प्रकार रेंज में कुल 29 प्रकरण दर्ज कर 46 आरोपियों को पकड़ा गया।
पीआईटी एनडीपीएस एक्ट 1988 के तहत रतलाम में 14, मंदसौर में 16 और नीमच में 11 सहित कुल 41 प्रकरण प्रस्तुत किए गए। इनमें 4 आरोपियों के विरुद्ध निरोधादेश प्राप्त हुए।
वहीं व्यावसायिक मात्रा के मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में वित्तीय अनुसंधान के तहत सफेमा की कार्रवाई की गई। रतलाम में 12 प्रकरणों में 38 करोड़ 76 लाख 10 हजार रुपये, मंदसौर में 13 प्रकरणों में 90 करोड़ 26 लाख 95 हजार 878 रुपये तथा नीमच में एक प्रकरण में 23 करोड़ 17 लाख 5 हजार 440 रुपये की संपत्ति फ्रीज करने के लिए प्रस्तावित की गई। इस प्रकार कुल 26 प्रकरणों में 152 करोड़ 20 लाख 11 हजार 318 रुपये की संपत्ति के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान एनडीपीएस एक्ट के फरार आरोपियों की धरपकड़ में रतलाम के 17, मंदसौर के 32 और नीमच के 13 सहित कुल 62 आरोपी गिरफ्तार किए गए। इसके अलावा गैर जमानती वारंट के तहत रतलाम के 3, मंदसौर के 8 और नीमच के 12 सहित कुल 23 आरोपियों को पकड़ा गया।
इनामी आरोपियों के विरुद्ध भी कार्रवाई करते हुए रतलाम के 14 आरोपियों पर घोषित 49 हजार रुपये, मंदसौर के 13 आरोपियों पर घोषित 60 हजार 500 रुपये और नीमच के 6 आरोपियों पर घोषित 35 हजार रुपये के इनाम वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस प्रकार तीनों जिलों में कुल 33 इनामी आरोपी, जिन पर 1 लाख 49 हजार 500 रुपये का इनाम घोषित था, पुलिस की गिरफ्त में आए।
इस तरह रतलाम रेंज में चलाए गए 15 दिवसीय विशेष अभियान के दौरान मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में लिप्त आरोपियों, फरार आरोपियों, वारंटियों और इनामी अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 168 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

You missed

error: Content is protected !!