खबर पक्की, 12 नवंबर, रतलाम। यूजीसी के विरोध में आंदोलन की तैयारी के बीच करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकवाना सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी और फिर उन्हें मध्यप्रदेश की सीमा से बाहर छोड़े जाने के बाद गुरुवार को रतलाम में माहौल गरमा गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष की गिरफ्तारी से नाराज करणी सेना परिवार के अध्यक्ष जीवन सिंह शेरपुर के आह्वान पर सैकड़ों कार्यकर्ता शास्त्री नगर स्थित राजपूत बोर्डिंग हाउस पर एकत्रित हुए। आंदोलनकारियों के जुटने की सूचना के बाद पुलिस-प्रशासन ने भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर अजय कटेसरिया और एसपी अमित कुमार स्वयं भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे।
दरअसल, करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकवाना के आह्वान पर बुधवार को बड़ी संख्या में कार्यकर्ता राजपूत बोर्डिंग हाउस में एकत्रित हुए थे। उनकी योजना यूजीसी के नियमों के विरोध में रैली के रूप में राजधानी भोपाल रवाना होने की थी। हालांकि, पूर्व अनुमति नहीं होने और पुलिस की समझाइश के बावजूद कार्यकर्ताओं के नहीं मानने पर प्रशासन ने महिपाल सिंह मकवाना सहित करीब 40 से 50 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
गुरुवार सुबह पुलिस ने छह माह की अवधि के लिए सदाचरण बनाए रखने और लोक प्रशांति भंग नहीं करने संबंधी बाउंड ओवर भरवाया। इसके बाद महिपाल सिंह मकवाना को मध्यप्रदेश की सीमा से बाहर राजस्थान के निम्बाहेड़ा क्षेत्र में छोड़ दिया गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष को मध्यप्रदेश की सीमा से बाहर छोड़े जाने की जानकारी मिलने के बाद जिला अध्यक्ष जीवन सिंह शेरपुर ने सोशल मीडिया के माध्यम से गुरुवार को सभी समर्थकों से राजपूत बोर्डिंग हाउस पहुंचने का आह्वान किया। इसके बाद प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से करणी सेना के समर्थकों का रतलाम पहुंचना जारी रहा।
एहतियात के तौर पर पुलिस ने राजपूत बोर्डिंग हाउस के आसपास बैरिकेडिंग कर रास्ते बंद कर दिए थे। इसके बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता वहां पहुंच गए। पुलिस और समर्थकों के बीच दिनभर गहमागहमी का दौर चलता रहा। नामली से रतलाम के बीच हाईवे पर भी पुलिस ने विशेष निगरानी रखी और आने-जाने वाले वाहनों पर नजर रखी।
राजपूत बोर्डिंग हाउस पर मीडिया से चर्चा करते हुए जीवन सिंह शेरपुर ने प्रशासन की कार्रवाई पर कड़ा आक्रोश जताया। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने महिपाल सिंह मकवाना को रिहा करने की बात कही थी, लेकिन उनसे फोन पर चर्चा में पता चला कि जेल से निकालने के बाद उन्हें कार अरेस्ट कर पुलिस वाहन से जबरन राजस्थान ले जाया जा रहा है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि महिपाल सिंह मकवाना और गिरफ्तार किए गए सभी साथियों को ससम्मान रिहा कर राजपूत बोर्डिंग हाउस नहीं लाया गया तो पूरे प्रदेश में चक्काजाम किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो आंदोलन को देशव्यापी रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता आगे की यात्रा और आंदोलन की रणनीति तय करने के लिए एकत्रित हुए हैं। इसके बाद दिनभर माहौल गरमाया रहा। शाम को गिरफ्तार सभी कार्यकर्ताओं की रिहाई के बाद राजपूत बोर्डिंग पर उनका स्वागत हुआ और आगे के आंदोलन की रणनीति तैयार की गई। इसके बाद सभी राजपूत बोर्डिंग से रवाना हुए।
पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर रहा। मौके पर कलेक्टर अजय कटेसरिया, एसपी अमित कुमार, एएसपी विवेक कुमार लाल,एएसपी राकेश पंद्रो, डीएसपी किशोर पाटनवाला, तहसीलदार सहित विभिन्न थानों के प्रभारी और भारी पुलिस बल तैनात रहा।
सुबह से शाम तक चली करणी सैनिकों और पुलिस के बीच गहमागहमी, जीवन सिंह शेरपुर के आव्हान पर राजपूत बोर्डिंग पर जुटे हजारों कार्यकर्ता, कलेक्टर- एसपी ने संभाला मोर्चा
