बेंगलुरु। मनी लॉन्ड्रिंग केस में कांग्रेस के नेता डीके शिवकुमार की गिरफ्तारी के बाद कर्नाटक में राजनीति गरमाने लगी है। राज्य में जगह जगह प्रदर्शन होने लगे हैं। ये प्रदर्शन कई जगह हिंसक भी हो चले हैं। शिवकुमार की गिरफ्तारी के बाद मंगलवार देर रात ही रामनगर में दो बसों को आग के हवाले कर दिया गया था, वहीं कई बसों पर पथराव किया गया था।
– डीके शिवकुमार की गिरफ्तारी के विरोध में कर्नाटक कांग्रेस द्वारा पूरे राज्य में प्रदर्शन किया जा रहा है। बेंगलुरु में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन किया।
– गिरफ्तारी के विरोध में आज रामनगर में सभी स्कूल और कॉलेजों को बंद रखा गया है। हालात को नियंत्रण में रखने के लिए रामनगर में भारी सुरक्षाबल की तैनाती की गई है।
– डीके शिवकुमार के भाई सुरेश का भी हाल ही में बयान सामने आया है। जिसमें उन्होंने कहा है कि उनके भाई को अधिकारियों द्वारा निशाना बनाया गया है।
बता दें कि पिछले चार दिनों से डीके शिवकुमार से दिल्ली में प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों द्वारा पूछताछ की जा रही थी। इसके बाद मंगलवार शाम को उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। अपनी गिरफ्तारी को लेकर शिवकुमार ने ट्वीट करते हुए इसे भाजपा की बदले की कार्रवाई करार दिया था।
कांग्रेस को पिछले कुछ वक्त में दो बड़े झटके लगे हैं। डीके शिवकुमार की गिरफ्तारी के पहले पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व वित्तमंत्री रहे पी चिदंबरम को भी ईडी और सीबीआई ने गिरफ्तार किया था। सीबीआई द्वारा चिदंबरम की रिमांड भी ली गई थी। कांग्रेस ने इसे भी बदले की राजनीति बताया था।
डीके शिवकुमार की गिरफ्तारी के बाद बेंगलुरु में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
