• Sat. Nov 28th, 2026

650 मुफ्त नलजल कनेक्शनों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश, नियमित जलकर भरने वाले उपभोक्ताओं के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं, पेयजल संकट से निपटने के लिए परिवहन पर निर्भरता के बजाय स्थायी समाधान की कार्ययोजना बनाने के निर्देश, 30 लाख बिजली बिल और 35 लाख रुपये मेंटेनेंस पर हो रहे खर्च पर जताई नाराजगी

BySurendra Jain

Nov 28, 2026

खबर पक्की, 28 नवंबर, रतलाम। जिले में पेयजल व्यवस्था को लेकर कलेक्टर अजय कटेसरिया ने नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम क्षेत्र में संचालित 650 मुफ्त नलजल कनेक्शनों के मामले में तत्काल कार्रवाई करने को कहा। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि नियमित रूप से जलकर का भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होना चाहिए। साथ ही उन्होंने पेयजल संकट से निपटने के लिए पानी के परिवहन पर निर्भर रहने के बजाय स्थायी और स्थानीय स्तर पर समाधान विकसित करने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर निगम क्षेत्र में संचालित लगभग 650 मुफ्त नलजल कनेक्शनों का मुद्दा प्रमुखता से उठा। जानकारी के अनुसार इनमें करीब 300 कनेक्शन धार्मिक स्थलों तथा 350 कनेक्शन निजी क्षेत्रों में संचालित हैं। कलेक्टर ने इन कनेक्शनों को लेकर नाराजगी जताते हुए कहा कि मुफ्त कनेक्शनों के कारण बिजली का अनावश्यक उपयोग हो रहा है और नगर निगम को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इन कनेक्शनों के संचालन में लगभग 30 लाख रुपये बिजली बिल तथा करीब 35 लाख रुपये रखरखाव पर खर्च हो रहे हैं। उन्होंने नगर निगम आयुक्त को पूरे मामले में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पेयजल परिवहन के बजाय स्थायी समाधान पर रहेगा जोर
इस वर्ष जिले में कम वर्षा होने के कारण आगामी समय में संभावित पेयजल संकट को देखते हुए बैठक में विशेष रूप से चर्चा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पेयजल परिवहन को सामान्य कार्ययोजना का हिस्सा नहीं बनाया जाए। इसके बजाय स्थानीय जलस्रोतों के संरक्षण, उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग और स्थायी पेयजल व्यवस्था विकसित करने पर ध्यान दिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अत्यंत आवश्यक परिस्थितियों में ही पेयजल परिवहन किया जाएगा। इसके लिए संबंधित अनुविभागीय अधिकारी की अनुमति अनिवार्य रहेगी। इस संबंध में पीओ डूडा को आवश्यक आदेश तैयार करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने तालाबों से सीधे सिंचाई किए जाने पर प्रतिबंध लगाने के लिए अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया। साथ ही नगरीय निकायों में पुरानी बावडिय़ों, बोरवेल और अन्य जलस्रोतों को चिह्नित करने के निर्देश दिए, ताकि पेयजल संकट की स्थिति में इनका उपयोग वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में किया जा सके। बैठक में वर्तमान में ट्यूबवेल खनन पर रोक लगाने से इनकार किया गया।
अधूरे आवासों को जल्द पूरा करने के निर्देश
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना 1.0 की भी समीक्षा की गई। नगर परिषद पिपलौदा और बड़ावदा में अपूर्ण आवासों की स्थिति पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लंबित आवासों का निर्माण कार्य प्राथमिकता से पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि पात्र हितग्राहियों को जल्द आवास का लाभ मिल सके।
अमृत 2.0 में वित्तीय प्रगति कम मिलने पर जताई नाराजगी
अमृत 2.0 योजना की समीक्षा के दौरान भौतिक प्रगति की तुलना में वित्तीय प्रगति कम पाई गई। निकाय अधिकारियों ने समय पर लिमिट प्राप्त नहीं होने की जानकारी दी। इस पर कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पीओ डूडा अरुण पाठक को संभागीय संयुक्त संचालक को पत्र भेजने के निर्देश दिए, ताकि योजना के कार्यों में वित्तीय प्रगति सुनिश्चित की जा सके।
दिसंबर तक भूमि आवंटन के प्रकरण निपटाने के निर्देश
बैठक में नगरीय निकायों में लंबित भूमि आवंटन के प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि दिसंबर माह तक सभी लंबित प्रकरणों में भूमि आवंटन की कार्रवाई पूरी की जाए। इसके अलावा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना 1.0 एवं 2.0, सीएम हेल्पलाइन, अमृत 2.0 और पेयजल व्यवस्था सहित विभिन्न योजनाओं एवं निकायों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े मामलों में लापरवाही न बरतें और सभी योजनाओं का क्रियान्वयन समय-सीमा में सुनिश्चित करें। विशेष रूप से पेयजल व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आगामी गर्मी के मौसम को ध्यान में रखकर अभी से आवश्यक तैयारियां पूरी करने पर जोर दिया।

Related Post

पुलिस की कांबिंग गश्त में बड़ी कार्रवाई, 100 वारंटियों को पकड़ा, 38 स्थाई वारंट और 62 गिरफ्तारी वारंट तामील, जिलाबदर, हिस्ट्रीशीटर और निगरानी बदमाशों की भी हुई जांच
रिंगनोद स्कूल में अव्यवस्थाओं पर कलेक्टर की कार्रवाई, प्रभारी प्राचार्य के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित, नि:शुल्क पाठ्य-पुस्तकें अव्यवस्थित मिलीं, शिक्षकों की दैनिक डायरियां भी पाई गईं अपूर्ण; संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संभाग आयुक्त को भेजा प्रस्ताव
यातायात नियम तोडऩे वालों पर रतलाम पुलिस की सख्ती, विशेष अभियान में 37 वाहनों पर कार्रवाई, 8 दिनों में 21 वाहनों से ब्लैक फिल्म हटवाई, 16 वाहनों के मॉडिफाइड साइलेंसर निकलवाकर किए जब्त

You missed

error: Content is protected !!