• Fri. Aug 14th, 2026

हिमाचल में फटा बादल, एमपी, राजस्‍थान, गुजरात पर 24 घंटे बेहद भारी, मालवा निमाड़ में भारी बारिश, दिल्ली-मुंबई रेलमार्ग बाधित

BySurendra Jain

Aug 27, 2019

नई दिल्‍ली। मध्‍य प्रदेश, राजस्‍थान और गुजरात के कुछ हिस्‍सों के लिए अगले 24 घंटे बेहद भारी गुजरने वाले हैं। हिमाचल प्रदेश में बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि सेंट्रल मध्‍य प्रदेश और राजस्‍थान के कुछ इलाकों में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है जिससे इन इलाकों में भारी से ज्‍यादा भारी बारिश की संभावना है। वेदर एजेंसी स्‍काई मेट के मुताबिक, एक पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर और इससे सटे भागों के ऊपर भी बना है। हालांकि, यह बहुत प्रभावी नहीं है। इसके अलावा दक्षिणी गुजरात और इससे सटे उत्तर पूर्वी अरब सागर के ऊपर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना है जो भारी नुकसान पहुंचा सकता है।
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से हालात खराब
समाचार एजेंसी हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से हालात खराब हो गए हैं। शिमला के बडहल गांव में राष्‍ट्रीय राजमार्ग संख्‍या पांच पर मलबा आने से आवाजाही ठप हो गई है। यही नहीं चंबा जिले में भारी बारिश के बाद हदसर से भरमौर को जोड़ने वाले ‘भारंगला नाला’ के पास एक पुल बह गया, जिससे मणिमहेश यात्रा अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गई है। शिमला के उपमंडल रामपुर की बधाल पंचायत के धराली नाला में सोमवार को सुबह करीब चार बजे बादल फटा जिससे भारी नुकसान हुआ है। एक दोमंजिला मकान खतरे की जद में आ गया है। वहीं सड़क पर बड़े बड़े बोल्डर आने से एनएच-5 भी बाधित हो गया है। सड़क पर खड़े वाहन भी क्षतिग्रस्‍त हो गए हैं, कुछ वाहन मलबे में दब गए हैं। यह घटना उस वक्‍त घटी जब लोग गहरी नींद में सो रहे थे।
मध्‍य प्रदेश पर पड़ सकती है तगड़ी मार
स्‍काई मेट की ओर से जारी बुलेटिन में कहा गया है कि मॉनसून की अक्षीय रेखा राजस्थान से बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है जो मौजूदा वक्‍त में श्रीगंगानगर, अलवर, सतना, अंबिकापुर, उत्तरी ओडिशा से होकर गुजर रही है। यही नहीं बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र पश्चिमी उत्‍तर उत्तर पश्चिमी दिशा में आगे बढ़ रहा है। इससे अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिण-पश्चिमी मध्य प्रदेश, इससे सटे पूर्वी गुजरात और उत्तरी महाराष्ट्र में कई जगहों पर भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा उत्तरी केरल, अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में मूसलाधार बारिश हो सकती है।
मालवा निमाड़ में भारी बारिश, दिल्ली-मुंबई रेलमार्ग बाधित
मालवा-निमाड़। मध्यप्रदेश के मालवा-निमाड़ क्षेत्र में भारी बारिश का दौर जारी है। रतलाम में रात से हो रही तेज बारिश से पटरियों पर पानी भर गया है। जिससे दिल्ली-मुंबई रेलमार्ग बाधित हो गया। रतलाम रेलवे स्टेशन पर पानी भर जाने की वजह से जनता एक्सप्रेस को आउटर पर रोकना पड़ा। शहर के निचले इलाकों में भी पानी भर गया है। रतलाम के आसपास भारी बारिश के कारण रेल ट्रैक पर पानी आने से मुंबई साइड से आने वाली गाड़ी कुछ विलंब से आई हैं। पुणे इंदौर करीब डेढ़ घंटा लेट आई है, अवंतिका एक्सप्रेस 2 घंटा लेट चल रही है। ओवर्नाइट एक्सप्रेस करीब 3 घंटा लेट और दिल्ली सराय रोहिल्ला से बाया जयपुर आने वाली ट्रेन करीब 2 घंटा लेट चल रही है तथा कोचुवेली एक्सप्रेस भी रद्द रहेगी।
उधर भारी बारिश की वजह से मंदसौर में शिवना नदी का जल स्तर बढ़ गया है और यह पशुपतिनाथ मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश कर गई है। गर्भगृह में मूर्ति के नीचे के चार मुंखों से ऊपर पानी पहुंच गया है। गांधीसागर के 2 छोटे गेट और खोले जाएंगे, इससे एक लाख क्यूसेक पानी छोड़ा जाएगा। मंदसौर में शिवना नदी पर बने कालाभाटा डेम के पांच गेट 8 फीट तक खोले गए हैं।

You missed

error: Content is protected !!