(फोटो- राकेश शर्मा)
रतलाम। शहर के व्यस्त बाजार माणकचौक इलाके में थाने से महज 100 मीटर दूर एक बार फिर से चोरी की वारदात हो गई है। चोर भुट्टा बाजार की एक बुक शॉप का ताला तोड़कर यहां से करीब 10 हजार रूपए कीमत का सामान व नगदी चुरा ले गए है।
चोरी की यह वारदात गुरूवार-शुक्रवार की दरमियानी रात प्रतीक बुक सेलर पर हुई। दुकान संचालक पंकज पालीवाल के अनुसार चोरों ने शटर का ताला सरिए नुमा वस्तु से तोड़ा और दुकान के गल्ले में रखे 7 हजार रूपए व अन्य सामान ले गए। स्थानीय दुकानदारों की माने तो भुट्टा बाजार इलाके में ही 2 माह में चोरी की यह 7 वीं वारदात है। नजदीक ही थाना होने के बावजूद भी इस इलाके में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं है।
पुलिस कहती है-कैमरे लगाओ
भुट्टा बाजार के दुकानदार चोरी की इस वारदात के बाद से खासे आक्रोशित है। सुबह व्यापानी एकत्रित होकर दुकान संचालक पंकज पालीवाल के साथ थाने पहुंचे। इनका आरोप है कि जब भी चोरी की वारदात होती है, तब चोर को पकड़ने में सक्रियता दिखाने के बजाए पुलिस अधिकारियों को उल्टे दुकानदारों को ही सलाह दी जाती है कि वे क्लोज सर्किट कैमरे लगाए।
