रतलाम। कलेक्टर के पद को लेकर चल रही असंमजस की स्थिति के बीच शुक्रवार को सीनियर आईएएस बी. चंद्रशेखर रतलाम पहुंचकर भोपाल रवाना हो गए है। उनकी पदस्थापना के संबंध में शुक्रवार शाम तक आदेश जारी हो सकते है। इसी तरह इंदौर कलेक्टर रहे पी. नरहरी की भी नई पदस्थापना के आदेश जारी होना है।
रतलाम कलेक्टर बी. चंद्रशेखर 3 जून को यूएसए मिड केरियर ट्रेनिंग के लिए रवाना हुए थे। एक माह की अवधि के लिए रतलाम का चार्ज अपर आयुक्त अशोक भार्गव को सौंपा गया था। 4 जून को डेलनपुर और 6 जून को मंदसौर हिंसा के बाद शासन ने ताबड़तोड़ रतलाम, मंदसौर, नीमच के वरिष्ठ अधिकारियों को बदल दिया था। इसी क्रम में रतलाम में बतौर कलेक्टर तन्वी सुंद्रियाल की पदस्थापना की गई। तन्वी सुंद्रियाल के ज्वाइन करने के बाद से ही यह साफ नहीं हो पा रहा है कि बी. चंद्रशेखर वापस आकर रतलाम में ज्वाइन करेंगे या उन्हें नई पदस्थापना दी जाएगी। 7 जुलाई की सुबह बी. चंद्रशेखर रतलाम लौट आए। कुछ देर रतलाम में रूकने के बाद वे भोपाल रवाना हो गए। मिड कैरियर ट्रेनिंग से वापस लौटने पर उन्हें भोपाल में ही आमद देना है। संभावना है कि शुक्रवार शाम तक ही बी. चंद्रशेखर, उनके साथ ट्रेनिंग पर गए पी. नरहरी और अन्य अधिकारियों की पदस्थापना को लेकर स्थिति साफ हो जाएगी।
