खबर पक्की, 3 नवंबर, रतलाम। मंगलमूर्ति रेसीडेंसी में सोमवार शाम एक नवविवाहिता की मौत हो गई। 27 साल की नेहा किराये के मकान में फंदे पर लटकी मिली। घटना के समय उसका पति नवीन घर से ऑफिस का काम कर रहा था। काफी देर तक एक साल का बेटा रोता रहा तो नवीन कमरे में देखने गया।
वहां नेहा का शव खिड़की के पास लोहे के एंगल से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। नेहा के पिता ने पति और सास-ससुर पर दहेज के लिए प्रताडि़त करने और मारपीट करने के आरोप लगाए हैं।
महिला ने पहले भी पति और सास-ससुर के खिलाफ दहेज प्रताडऩा का केस दर्ज कराया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना औद्योगिक क्षेत्र थाना इलाके की मंगलमूर्ति रेसीडेंसी में सोमवार शाम करीब 6:30 बजे हुई। नेहा (27) की शादी नवीन शंखवाल से हुई थी। दोनों किराये के मकान में रहते थे। उनका एक बेटा है। नवीन आईटी कंपनी में काम करता है। वह घर से ही ऑफिस का काम करता था।
नेहा के पिता राजेंद्र कुमार साख्य ने बताया कि सोमवार दोपहर 3:34 बजे बेटी का फोन आया था। उसने अपने साथ मारपीट होने की बात बताई थी। पिता ने उसे ग्वालियर आने को कहा। इस पर नेहा ने कहा था कि वह 8 दिन बाद आएगी।
शाम करीब 7.30 बजे दामाद नवीन का फोन आया। उसने बताया कि नेहा ने सुसाइड कर लिया है। इसके बाद पिता ने 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची 112 की टीम ने औद्योगिक क्षेत्र थाने को जानकारी दी।
सूचना मिलने पर सब इंस्पेक्टर देवीलाल पाटीदार, स्नस्रु अधिकारी डॉ. अतुल मित्तल और नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे। घर के अंदर नेहा का शव खिड़की के पास लोहे के एंगल से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। उस समय पति नवीन और बच्चा भी घर में थे। पुलिस ने जांच और पंचनामा बनाने के बाद सोमवार रात शव मेडिकल कॉलेज भेज दिया। पुलिस ने नेहा के मायके वालों को सूचना दी। मंगलवार सुबह पिता, मां, बहनें और दूसरे परिजन ग्वालियर से रतलाम पहुंचे। दोपहर करीब 2 बजे पोस्टमॉर्टम हुआ। शाम करीब 4 बजे पुलिस ने शव मायके वालों को सौंप दिया। मायके पक्ष ने शव को ग्वालियर ले जाने के बजाय रतलाम में ही अंतिम संस्कार करने की बात कही।
नेहा के पिता राजेंद्र कुमार साख्य, निवासी देव तुलसी विहार कॉलोनी, सेवा नगर ग्वालियर ने पति नवीन और उसके माता-पिता पर बेटी को दहेज के लिए परेशान करने का आरोप लगाया है।
पिता के मुताबिक, उन्होंने मेट्रोपोलियन साइट से रिश्ता देखकर 8 फरवरी 2025 को बेटी की शादी की थी। शादी में करीब 25 लाख रुपए खर्च किए थे।
उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही बेटी को दहेज के लिए परेशान किया जाने लगा। पति और सास-ससुर छोटी-छोटी बातों पर उसे टोकते थे और मारपीट भी करते थे।
पिता ने बताया कि शादी से करीब एक महीने पहले नवीन ने स्कॉर्पियो खरीदी थी। उस समय उन्होंने 10 लाख रुपए नकद दिए थे। इसके अलावा फर्नीचर के लिए 3 लाख रुपए और 10 तोला सोना दिया था।
पिता के अनुसार, शादी के दो महीने बाद से ही बेटी को परेशान किया जाने लगा था। इससे परेशान होकर नेहा ने 21 जनवरी को औद्योगिक क्षेत्र थाने में पति नवीन, सास और ससुर के खिलाफ दहेज प्रताडऩा और परेशान करने का केस दर्ज कराया था।
पिता ने बताया कि 6 फरवरी 2026 को ननद की शादी थी। इसके लिए पत्रिका देने के बहाने नवीन 11 जनवरी 2026 को नेहा को ग्वालियर लेकर गया था। आरोप है कि नवीन बिना पत्रिका दिए उसे मायके के घर के बाहर छोड़कर चला गया।
20 जनवरी को नेहा वापस रतलाम पहुंची तो पति उसके सामने से निकल गया। सास-ससुर ने दरवाजा बंद कर दिया। उन्होंने कहा कि रुपए लेकर आएगी, तभी घर में घुसने देंगे। इसके बाद नेहा ने पति, सास और ससुर के खिलाफ केस दर्ज कराया था।
पिता के मुताबिक, बाद में नवीन अपने माता-पिता से अलग होकर किराये के मकान में रहने लगा था। दोनों पिछले दो महीने से मंगलमूर्ति रेसीडेंसी में रह रहे थे। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि किराये के मकान में भी पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। सोमवार को घटना से पहले भी घर में दिनभर चिल्लाने की आवाजें आ रही थीं।
मंगलवार को मेडिकल कॉलेज में पोस्टमॉर्टम के दौरान पति, सास-ससुर समेत ससुराल पक्ष का कोई सदस्य नजर नहीं आया। घटना के बाद बच्चा भी दादा-दादी के पास छोड़ दिया गया था। पुलिस ने घटना के बाद से पति नवीन को अपनी कस्टडी में रखा है।
औद्योगिक क्षेत्र थाने के सब इंस्पेक्टर देवीलाल पाटीदार ने बताया कि प्राथमिक जांच में महिला ने फांसी का फंदा लगाकर सुसाइड किया है।
पूर्व में महिला ने पति समेत सास-ससुर पर दहेज प्रताडऩा का केस लगा रखा है। मायके पक्ष के बयान लिए जा रहे है। शव मायके पक्ष को सुपूर्द किया है। मामले की जांच की जा रही है।
नवविवाहिता फंदे से लटकी मिली : 3 घंटे पहले पिता को किया था फोन, बोली- मेरे साथ मारपीट हुई, शाम को मौत; ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताडऩा के आरोप
