• Tue. Jul 28th, 2026

कोहली ने तोड़ा सचिन का रिकार्ड, वेस्टइंडीज से सीरीज जीते

BySurendra Jain

Jul 7, 2017

जमैका(एजेंसी)। भारतीय कप्तान विराट कोहली ने क्रिकेट का एक और नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। कोहली ने पांचवे वनडे में वेस्टइंडीज़ के खिलाफ शानदार शतक जड़ते हुए भारत को जीत दिलाई, इसके साथ ही उन्होंने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। विराट ने लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे ज्यादा शतक बनाने का सचिन का रिकॉर्ड तोड़ा है।

लक्ष्य का सफल पीछा करते हुए तेंदुलकर के नाम 232 पारियों में 17 शतक का रिकॉर्ड था, जिसे विराट कोहली ने मात्र 102 पारियों में ही तोड़ दिया, सफल चेज़ में ये कोहली का 18वां शतक है। श्रीलंका के तिलकरत्ने दिलशान ने 116 पारियों में 11 शतक जड़े थे। सचिन-दिलशान रिटायर हो चुके हैं, कोहली के पास अपने इस रिकॉर्ड को सुधारने का काफी मौका है। कप्तान विराट कोहली ने एक बार अपनी शानदार बल्लेबाजी से विरोधी टीम को मैच में वापस आने का मौका नहीं दिया। कोहली ने 115 गेंदों पर 111 रनों की पारी खेली। अपनी पारी में कोहली ने 12 चौके और 2 छक्के जड़े। दिनेश कार्तिक ने आखिर तक उनका बखूबी साथ दिया। कार्तिक ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 50 रन बनाए और नाबाद रहे। भारत ने वनडे सीरीज के आखिरी मैच में वेस्टइंडीज को 8 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही भारत ने 5 मैचों की सीरीज 3-1 से अपने नाम कर ली है।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट पर 205 रन बनाए। भारत की शानदार गेंदबाजी के सामने कैरिबियाई बल्लेबाज बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे। एसडी होप और काइल होप के अलावा कोई भी बल्लेबाज अच्छा स्कोर नहीं कर सका। एसडी होप की 51 रनों की पारी की बदौलत भारत को 206 रनों का लक्ष्य दिया था.

 

error: Content is protected !!