• Mon. Oct 26th, 2026

नामली में ट्राले की टक्कर से मां और एक माह के बेटे की मौत, पिता गंभीर घायल, जन्म प्रमाण-पत्र बनवाने निकला था परिवार, चार साल की बेटी को आई मामूली चोट, हादसे के बाद ट्राला चालक फरार

BySurendra Jain

Oct 26, 2026

खबर पक्की, 26 अक्टूबर, रतलाम। जिले के नामली में कृषि उपज मंडी के समीप सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 23 वर्षीय महिला और उसके एक माह के बेटे की मौत हो गई, जबकि महिला का पति गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार बाइक से नामली जा रहा था, तभी पीछे से तेज गति से आए ट्राले ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दंपती की चार वर्षीय बेटी को भी मामूली चोट आई है। दुर्घटना के बाद चालक ट्राला लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार, मंदसौर जिले में दलोदा के समीप ग्राम लामगरी निवासी 25 वर्षीय अनिल अपनी पत्नी सुगनाबाई, चार वर्षीय बेटी अर्चना और एक माह के बेटे हर्षित के साथ रतलाम जिले के ग्राम बड़ौदा स्थित अपने ससुराल आया हुआ था। सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे वह अपने ससुर की बाइक से बेटे का जन्म प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए नामली जा रहा था।
परिवार नामली कृषि उपज मंडी के समीप पहुंचा ही था कि मंदसौर की ओर से तेज गति से आ रहे एक ट्राले ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार चारों सड़क पर दूर-दूर जा गिरे। हादसे में सुगनाबाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनिल और उसका एक माह का बेटा हर्षित गंभीर रूप से घायल हो गए। बेटी अर्चना को मामूली चोट आई।
दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने घायलों को संभाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर नामली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों सहित मृतका को मेडिकल कॉलेज भिजवाया। वहां उपचार के दौरान एक माह के हर्षित ने भी दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल अनिल का मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी है।
नामली थाने के एसआई केके पटेल ने बताया कि ट्राले की टक्कर से बाइक सवारों के घायल होने की सूचना मिली थी। हादसे के बाद चालक ट्राला लेकर फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है।

You missed

error: Content is protected !!