दांबुला(श्री लंका)। टीम इंडिया ने श्रीलंका को दांबुला में खेले गए पहले वनडे मैच में 9 विकेट से मात देकर पांच मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है। इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका की पूरी टीम 43.2 ओवर में 216 रन पर ही ऑल आउट हो गई। इसी के साथ ही टीम इंडिया को जीत के लिए 217 रनों का टारगेट मिला। आसान से लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने 28.5 ओवर में ही 220 रन बनाकर 9 विकेट से मैच अपने नाम कर लिया। टीम इंडिया की ओर से शिखर धवन ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 90 गेंदों में 132 रन बनाए। कप्तान विराट कोहली ने भी शानदार 82 रनों की पारी खेली। श्रीलंका के किसी भी गेंदबाज के बाद धवन और विराट कोहली का तोड़ नहीं था। श्रीलंका को एकमात्र विकेट रोहित शर्मा के रूप में मिला. वह भी रन आउट के जरिए. शिखर धवन को उनकी तूफानी पारी के लिए ‘मैन ऑफ द मैच‘ का अवॉर्ड दिया गया।
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 2 और अब दांबुला में खेले गए पहले वनडे में शतक लगाकर शिखर धवन ने इस श्रीलंकाई दौरे पर 25 दिनों में तीसरा शतक जड़ने का कारनामा किया है। श्रीलंका में सबसे तेज सेन्चुरी लगाने वाले इंडियन भी बन गए। साथ ही धवन श्रीलंका की धरती पर वनडे में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बने हैं।
शिखर धवन ने जबरदस्त बैटिंग करते हुए 90 गेंदों में 132 रन बनाए. ये श्रीलंका के खिलाफ धवन के वनडे करियर की तीसरी और ओवरऑल 11वीं सेन्चुरी रही।
