खबर पक्की, 25 अक्टूबर, रतलाम। रविवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय प्रवक्ता चरणजीत सिंह षापरा ने वोट चोरी के मुद्दे पर निर्वाचन आयोग और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। रतलाम प्रेस क्लब में मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग केंद्र सरकार के इशारे पर काम कर रहा है। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग भी की।
षापरा ने कहा कि वोट चोरी एक गंभीर मुद्दा है और एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) इसका केवल एक हिस्सा है। उनके मुताबिक, भाजपा के लिए अपनी पसंद की मतदाता सूची तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने एसआईआर को स्पेशल इंटेंसिव रिगिंग बताते हुए आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग अब एलिमिनेशन कमीशन बन गया है।
13.37 करोड़ से ज्यादा नाम काटने का आरोप
षापरा ने दावा किया कि देश में 13 करोड़ 37 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग विपक्ष के सवालों का जवाब नहीं दे रहा है। उनके अनुसार, आयोग की कार्यप्रणाली पर अब उसके अंदरूनी सूत्रों, पूर्व निर्वाचन आयुक्तों और सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों की ओर से भी सवाल उठाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र की सरकार हो या निर्वाचन आयुक्त, दोनों निरंकुश हैं। वे देश के संविधान के साथ तोड़-मरोड़ रहे हैं और संवैधानिक अधिकारों का हनन कर रहे हैं।विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है, लेकिन निर्वाचन आयोग जवाब नहीं दे रहा है। पहले कांग्रेस और विपक्ष की दूसरी पार्टियां आवाज उठा रही थीं, लेकिन अब आयोग की टीम के अंदर से भी सवाल उठ रहे हैं। इसके बावजूद आयोग इन सवालों का जवाब नहीं दे रहा है।
वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान चलाएगी कांग्रेस
षापरा ने कहा कि कांग्रेस वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान के तहत लोगों को मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों के बारे में बताएगी। उन्होंने कहा कि संविधान ने हर नागरिक को एक वोट का अधिकार दिया है। कांग्रेस जनता को बताएगी कि इस अधिकार की रक्षा के लिए आवाज उठाना जरूरी है।
1 नवंबर को दिल्ली में रैली
कांग्रेस प्रवक्ता ने बताया कि 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में बड़ी रैली आयोजित की जाएगी। वहीं, 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर देशभर में संविधान बचाओ रैली निकाली जाएगी।
कांग्रेस प्रदेश सचिव, जिला अध्यक्ष समेत कई नेता रहे मौजूद
प्रेस क्लब में हुई चर्चा के दौरान प्रदेश कांग्रेस सचिव राजा चौकसे, जिला प्रभारी दिलीप गुर्जर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष हर्ष विजय गेहलोत, कांग्रेस नेता पारस सकलेचा, लक्ष्मण सिंह डिंडौर और रतलाम शहर कांग्रेस अध्यक्ष सहित अन्य नेता मौजूद रहे।
चुनाव आयोग नहीं, यह चूना आयोग है- रतलाम में बोले कांग्रेस प्रवक्ता चरणजीत सिंह षापरा, कहा- भाजपा के लिए कस्टमाइज्ड वोटर लिस्ट बना रहा आयोग
