• Wed. Sep 16th, 2026

आमजन को भटकना नहीं पड़े इसलिए मुख्यमंत्री कमलनाथ द्वारा आपकी सरकार आपके द्वार शिविर लगाए जा रहे हैं : विधायक गहलोत

BySurendra Jain

Aug 7, 2019

शिविर में 179 आवेदनों का निराकरण किया गया
रतलाम। आम जनता को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के निराकरण के लिए भटकना नहीं पड़े, इसलिए मुख्यमंत्री कमलनाथ द्वारा आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत शिविर आयोजित कराए जा रहे हैं। शिविर में समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है। यह बात आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत जिले के सैलाना में आयोजित शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए विधायक हर्षविजय गहलोत ने कही। शिविर में कुल 435 आवेदन प्राप्त हुए इनमें से 179 आवेदनों का मौके पर निराकरण किया गया। देर रात्रि तक आवेदन निराकरण का काम जारी था। अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष परमेश मईडा, राजेश भरावा, डी.पी. धाकड़, जनपद पंचायत अध्यक्ष रूप भगोरा, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती नम्रता राठौर, कोदर भाई सिंघाड़ा, पप्पन खा पठान, जगदीश पाटीदार, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, सीईओ जिला पंचायत संदीप केरकेट्टा तथा सभी जिला अधिकारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
इस अवसर पर विधायक हर्षविजय गहलोत ने अपने संबोधन में कहा कि बीपीएल राशनकार्ड धारकों को पात्रता पर्ची समय पर उपलब्ध कराई जाएं। क्षेत्र के बड़े गांवों में आधार इनरोलमेंट के लिए सेंटर स्थापित किए जाएं। ग्राम पंचायतों में सचिव तथा पटवारी आमजन को सहज रूप से उपलब्ध रहें, किसी भी आमजन के द्वारा लगाए जाने पर फोन अवश्य उठाएं। जिला पंचायत अध्यक्ष श्री प्रमेश मईडा ने अपने संबोधन में कहा कि आपकी सरकार आपके द्वार अच्छी योजना है, पात्र व्यक्तियों को लाभ मिलेगा।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने इस अवसर पर कहा कि बीपीएल कार्डधारकों को पात्रता पर्चियाँ समय पर उपलब्ध कराने के लिए विशेष रुप से ध्यान दिया जा रहा है। आधार केंद्र स्थापित करने के लिए विज्ञप्ति जारी करने के पश्चात 66 आवेदन प्राप्त हुए हैं। प्रक्रिया पश्चात जिले के सभी बड़े गांव, कस्बों में आधार केंद्र स्थापित किए जाएंगे जिससे लोगों को आधार नंबर प्राप्त करने में सुविधा होगी। कलेक्टर ने कहा कि जिले में पटवारियों तथा पंचायत सचिवों की उनके मुख्यालय पर अनुपस्थिति की दशा में उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की गई है। कलेक्टर ने मंच से ही इस संबंध में एसडीएम सैलाना श्रीमती कामिनी ठाकुर को निर्देशित किया। अपने संबोधन में कलेक्टर द्वारा आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम की जानकारी भी दी गई।
शिविर में शासन की विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया गया। लाडली लक्ष्मी योजना, कृषि विभाग की आदान वितरण योजना, मुख्यमंत्री जनकल्याण नया सवेरा योजना तथा राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के तहत हितग्राहियों को हितलाभ वितरण किए गए। शिविर स्थल पर विभागों द्वारा अपने-अपने स्टाल भी लगाए गए थे, जहां शासकीय योजनाओं कार्यक्रमों की जानकारी आमजन को प्रदान की गई।
एक ही बस से सभी अधिकारी गांव में पहुंचे
आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत कलेक्टर श्रीमती रूचिका चौहान, पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी, सीईओ जिला पंचायत संदीप केरकेट्टा सहित सभी अधिकारी एक ही बस में सवार होकर आदिवासी गांवों में पहुंचे। बुधवार सुबह 8.45 बजे बस कलेक्ट्रेट से रवाना हुई। अधिकारी सैलाना विकासखंड के दूरस्थ ग्राम बल्लीखेड़ा पहुंचे। कलेक्टर, एसपी सहित सभी अधिकारियो ने आदिवासी ग्रामीणों से रूबरू होकर उनकी समस्याएं जानी। बरसते पानी में कलेक्टर, एसपी तथा अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों से चर्चा की गई। बल्लीखेड़ा के माध्यमिक विद्यालय में कलेक्टर द्वारा अध्ययनरत बच्चों से चर्चा की गई। प्रधानाध्यापक को निर्देशित किया कि स्कूल में लाइब्रेरी तथा आर्ट एंड क्राफ्ट कक्षा आरंभ की जाए, कार्य पूर्णता उपरांत उसके फोटोग्राफ भेजें। शाला को सी ग्रेड से बी ग्रेड में लाने के निर्देश दिए। स्कूल में प्रकाश की उचित व्यवस्था के निर्देश दिए। पास ही पशु चिकित्सा विभाग का उपचार केंद्र भी देखा, इसके बाद स्कूल परिसर में बैठकर बल्लीखेड़ा के ग्रामीणों से चर्चा की। ग्रामीणों ने जल समस्या बताते हुए तालाब निर्माण की मांग की, कलेक्टर द्वारा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के अधिकारी को गांव में तालाब निर्माण के लिए प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए। तालाब द्वारा ग्रामीण अपनी रबी फसलें भी बेहतर ढंग से ले सकेंगे। ग्रामीणों द्वारा स्कूल में शिक्षकों के समय पर नहीं आने की शिकायत की। कलेक्टर द्वारा ग्रामीणों से कहा गया कि शिक्षकों का समय पर स्कूल में आना सुनिश्चित किया गया है। अब यदि वे नियमित नहीं आते हैं तो वे कलेक्टर को फोन करके बताएं, ऐसे शिक्षकों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई होगी।
बल्लीखेड़ा में ग्रामीण से चर्चा के दौरान कलेक्टर ने कहा कि अनाज के तौर पर यहां के लोग खरीफ में मात्र मक्का की फसल लेते हैं इसलिए यहां के ग्रामीणों को समूह के रूप में प्रदेश के अन्य जिलों में कोदोकुटकी तथा अन्य अनाजों की खेती की जानकारी लेने के लिए प्रशासन द्वारा भेजा जाएगा जिससे कि इस पहाड़ी क्षेत्र में अन्य अनाजों की पैदावार भी हो सके। नीलगाय की समस्या बताई जाने पर कलेक्टर ने कहा कि राजस्व पुस्तक परिपत्र के तहत राहत राशि का प्रावधान है, इसके लिए ग्रामीण तहसील में आवेदन कर सकते हैं। कलेक्टर द्वारा गांव के सभी हैंडपंपों पर प्लेटफॉर्म बनाने के निर्देश लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को दिए। कलेक्टर ने ग्रामीणों को जैविक खेती की ओर अग्रसर होने के लिए भी कहा। पुलिस अधिक्षक गौरव तिवारी ने भी स्कुल में बच्चो से चर्चा की।
अधिकारी बस द्वारा ग्राम सकरावदा भी पहुंचे। यहां कलेक्टर द्वारा बालिका हॉस्टल में व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। लगाए गए सीसीटीवी सिस्टम को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। हॉस्टल का रसोई कक्ष भी देखा, इसके बाद सकरावदा स्कूल में बच्चों से रूबरू हुई। बोलने तथा सुनने में असमर्थ बालिका पायल को बेहतर अध्ययन के लिए रतलाम स्कूल में भिजवाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने सकरावदा में उचित मूल्य दुकान का निरिक्षण भी किया।
आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत गांव में जाने वाले अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभाग की स्थानीय स्थापना में पहुंचकर निरीक्षण भी किए गए। महिला बाल विकास अधिकारी द्वारा आंगनवाड़ी, सहायक आयुक्त जनजाति विभाग द्वारा स्कूल, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा हैंडपंप निरीक्षण, संचालक पशु चिकित्सा द्वारा पशु चिकित्सा केंद्र, जिला खाद्य अधिकारी द्वारा उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण करते हुए उचित सुधार तथा आवश्यक दिशा निर्देश कर्मचारियों को दिए गए। अन्य विभागों के अधिकारियों द्वारा भी निरीक्षण किए गए।

error: Content is protected !!