रतलाम। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर रतलाम जनपद के सीईओ लक्ष्मण सिंह डिंडोर सहित 7 अधिकारी-कर्मचारियों को निलंबित करने संबंधी कार्रवाई शुरू की गई है। देर रात तक इनके निलंबन की प्रक्रिया चलती रही। इनके खिलाफ बिरमावल गांव के सरपंच ने सीएम ऑनलाइन में शिकायत की थी। सीएम ने मंगलवार को वीडियों कांफ्रेसिंग के दौरान संभागायुक्त और कलेक्टर को इनके खिलाफ कार्रवाई के लिए निर्देश दिए थे।
जनपद सीईओ लक्ष्मण सिंह डिंडोर और एक अन्य अधिकारी को संभागायुक्त एम.बी. ओझा द्वारा और दो असिस्टेंड इंजीनियर, 2 सब इंजीनियर और एक सहायक मानचित्रकार के विरूद्ध कलेक्टर ने तन्वी सुंद्रियाल द्वारा निलंबित किए जाने की प्रक्रिया शुरू की गई। बिरमावल सरपंच कन्हैयालाल मालवीय ने शिकायत में उल्लेख किया था कि उसने सुदूर ग्राम सड़क योजना, कपिल धारा कूप और बिरमावल से तिलगारा तक ग्रेवल कार्य करीब 6 महीने पहले कराए थे। इन तीनों ही कामों का भुगतान फिलहाल नहीं हो पाया है इसके बावजूद जनपद के अधिकारियों ने कामों के पूर्णता सर्टिफिकेट जारी कर दिए। नियमानुसार किसी भी काम का तब तक पूर्णता सर्टिफिकेट जारी नहीं किया जा सकता है जब तक कि उसका भुगतान पूरा न हो जाए। समाधान ऑनलाइन में लेबल 4 तक पहुंच चुकी इस शिकायत पर सोमवार रात सीधे सीएम कार्यालय से जांच पड़ताल की गई। नतीजा यह हुआ कि रात 2 बजे तक जिले के अधिकारी इस प्रकरण की तफ्तीश में जुटे रहे।
