खबर पक्की, 31 अक्टूबर, रतलाम। मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार प्रदेशभर में संचालित जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद अभियान के तहत रतलाम पुलिस द्वारा विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल ने रॉयल कॉलेज, रतलाम पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया और उन्हें सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया।
कार्यक्रम में एएसपी विवेक कुमार लाल ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम तथा नशामुक्ति के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने साइबर अपराधों से बचाव के लिए सतर्क रहने, अनजान फोन कॉल, संदेश और संदिग्ध लिंक से सावधान रहने तथा किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल शिकायत करने की समझाइश दी।
उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणाम बताते हुए इससे दूर रहने की अपील की। साथ ही नशे की गिरफ्त में आ चुके लोगों को उससे बाहर निकालने के लिए रतलाम पुलिस द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे सहयोग और सहायता व्यवस्था के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी समाज का महत्वपूर्ण आधार है। युवाओं को जागरूक और जिम्मेदार बनाकर ही सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।
संवाद के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल अपराधों तथा अन्य विषयों से जुड़े सवाल पूछे। एएसपी ने सभी सवालों के जवाब देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम में कॉलेज प्रबंधन, व्याख्याता एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
पुलिस का उद्देश्य इस अभियान के माध्यम से युवाओं को अपराधों के प्रति जागरूक करना, सुरक्षा संबंधी जानकारी देना तथा उन्हें नशामुक्त और सुरक्षित वातावरण के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।
रॉयल कॉलेज में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा और नशामुक्ति के प्रति किया जागरूक, एएसपी विवेक कुमार लाल ने किया संवाद, महिला एवं बाल अपराधों की रोकथाम सहित विभिन्न विषयों पर दी जानकारी, विद्यार्थियों के सवालों के भी दिए जवाब
