खबर पक्की, 31 अक्टूबर, रतलाम। जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत नामली पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक आदतन आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद मोटरसाइकिलों की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 45 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी ने जावरा और रतलाम के अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिलें चोरी करना स्वीकार किया है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर राकेश पन्द्रो एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस किशोर पाटनवाला के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नामली निरीक्षक आनंदसिंह आजाद के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
चाय पीने रुका फरियादी, वापस लौटा तो गायब थी बाइक
पुलिस के अनुसार 28 अक्टूबर 2026 को अमजद खान पिता अजमेरी खान (39), निवासी पीएनटी कॉलोनी, गांधी नगर, रतलाम ने थाना नामली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपनी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 43 डीक्यू 4914 से जावरा जा रहा था। रास्ते में पंचेड़ के पास चाय पीने के लिए रुका। चाय पीकर वापस लौटा तो उसकी मोटरसाइकिल मौके से गायब थी। काफी तलाश के बाद भी बाइक नहीं मिलने पर उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इस पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 494/2026, धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर आरोपी गिरफ्तार, चार अन्य चोरी का खुलासा
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। इसी दौरान 29 अक्टूबर को मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने हेमंत पिता मोहनलाल परमार (27), निवासी रविदास चौक, ग्राम सेजावता, थाना औद्योगिक क्षेत्र, रतलाम को सेजावता-बांगरोद रोड से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से फरियादी की चोरी गई एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपी ने इस घटना के अलावा जावरा चौपाटी, जनक हॉस्पिटल के सामने, पोलो ग्राउंड और रेलवे खेल मैदान के पास से चार अन्य मोटरसाइकिलें चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने ये चारों मोटरसाइकिलें बांगरोद-धमोत्तर रोड स्थित ईंट भट्टे के पास झाडिय़ों से बरामद कीं। पुलिस द्वारा आरोपी से अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।
ये पांच मोटरसाइकिलें हुईं बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (कीमत 30 हजार रुपये), ग्रे रंग की बिना नंबर की होंडा साइन (40 हजार रुपये), काले रंग की बिना नंबर की होंडा साइन (30 हजार रुपये), लाल-काले रंग की बिना नंबर की एचएफ डीलक्स (25 हजार रुपये) और काले रंग की बिना नंबर की एचएफ डीलक्स (20 हजार रुपये) बरामद की हैं। पांचों मोटरसाइकिलों की कुल कीमत करीब 1 लाख 45 हजार रुपये है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आनंदसिंह आजाद, उपनिरीक्षक बीडी जोशी, प्रधान आरक्षक मनीष यादव तथा आरक्षक अनिल सोलंकी, गोपाल खराड़ी, कांतिलाल ओहरिया, राजेश सेंगर, कमलेश पांडे, राघवेन्द्र जाट एवं मनीष पाटीदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
नामली पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के आदतन आरोपी को किया गिरफ्तार, पांच चोरी की बाइक बरामद, जावरा और रतलाम के विभिन्न स्थानों से चुराई थीं मोटरसाइकिलें, करीब 1.45 लाख रुपये का मश्रुका जब्त
