• Sun. Aug 16th, 2026

दिग्विजय सिंह बोले- PM मोदी में हिम्मत है तो आकाश विजयवर्गीय को पार्टी से निकाल कर दिखाएं

BySurendra Jain

Jul 2, 2019

खबर पक्की : 2 जुलाई नई दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी की संसदीय दल की बैठक में भाजपा राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के बेटे आकाश विजयवर्गीय के मामले में नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि ऐसी हरकतें किसी भी तरह से स्वीकार नहीं हैं। भाजपा नेता राजीव प्रताप रूडी ने बताया, ‘प्रधानमंत्री बहुत नाराज थे। उन्होंने कहा कि बदसलूकी करने, पार्टी को बदनाम करने या सार्वजनिक रूप से अहंकार दिखाने का हक किसी के पास नहीं है। उन्होंने कड़े शब्दों में यह बात कही। साथ ही कहा कि ऐसी हरकतें स्वीकार नहीं है।’
इसके बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने कहा, ‘अगर पीएम में हिम्मत है तो आकाश विजयवर्गीय को निष्कासित करके दिखाएं। पीएम कहते कुछ हैं और और करते कुछ हैं। मुझे उम्मीद नहीं है कि आकाश के खिलाफ कुछ किया जाएगा। पीएम ने प्रज्ञा के मामले में कहा था कि वो उन्हें दिल से माफ नहीं करेंगे। लेकिन आज तक भाजपा ने कोई कार्रवाई नहीं की।’
दिग्विजय सिंह के अलावा बसपा नेता सतीश चंद्र मिश्रा ने कहा, ‘पीएम ने आज चिंता जताई है। लेकिन आकाश विजयवर्गीय के खिलाफ काफी पहले ही भाजपा को एक्शन लेना चाहिए था। अब देखना होगा कि अब पार्टी उनके खिलाफ कितनी सख्त कार्रवाई करती है।
बता दें, पिछले सप्ताह आकाश विजयवर्गीय ने नगर निगम के अधिकारी की क्रिकेट के बैट के साथ पिटाई की थी। इसके बाद आकाश विजयवर्गीय को गिरफ्तार कर लिया गया था। गिरफ्तारी के बाद भोपाल की विशेष कोर्ट ने उन्हें शनिवार को जमानत दी और रविवार सुबह उन्हें जेल से रिहा किया गया। जेल से रिहा होने के बाद आकाश विजयवर्गीय का भव्य स्वागत किया गया था।

You missed

error: Content is protected !!