खबर पक्की, 14 नवंबर, रतलाम। बिलड़ी-विघापटन के बीच शनिवार सुबह करीब 11 बजे पहाडिय़ों पर मानव कंकाल मिला। यह जगह बिलड़ी-रावटी रेलवे ट्रैक से करीब 500 मीटर दूर है। ग्रामीणों ने कंकाल देखकर सरपंच को सूचना दी। पास में काले रंग की टी-शर्ट भी मिली है। कंकाल का एक पैर नहीं है। शरीर पर सिर्फ हड्डियां बची हैं।
ग्रामीणों ने इसे 24 अक्टूबर से लापता गोलू कटारा (20) का होने की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस ने अभी पहचान की पुष्टि नहीं की है। पुलिस मौके पर जांच कर रही है।
ग्रामीणों की सूचना पर रावटी थाना प्रभारी मनीष डाबर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास तलाश की तो काले रंग की टी-शर्ट मिली। कंकाल पुरुष का होने की आशंका है। पुलिस गांव में गुमशुदा लोगों के बारे में भी पूछताछ कर रही है।
मौके पर पहुंचे कुछ ग्रामीणों ने बताया कि विघापटन निवासी गोलू (20), पिता हेरजी कटारा, 24 अक्टूबर से लापता है। वह रतलाम में किराये के कमरे में रहकर कॉलेज की पढ़ाई करता था। दशहरे की छुट्टी में घर आया था। उसके कुछ दोस्त उसे घर से बुलाकर ले गए थे। इसके बाद से उसका पता नहीं चला। गोलू शादीशुदा है। उसकी एक छोटी बेटी है। उसकी गुमशुदगी स्टेशन रोड थाने में दर्ज है।
मौके पर एफएसएल टीम भी पहुंच रही है। जांच के बाद कंकाल को मेडिकल कॉलेज भेजा जाएगा। रावटी थाना प्रभारी मनीष डाबर ने बताया कि कंकाल मिला है। आसपास की तलाश में काले रंग की टी-शर्ट मिली है। कंकाल युवक का प्रतीत हो रहा है। क्षेत्र में गुमशुदगी के बारे में पूछताछ की जा रही है।
रेलवे ट्रैक से 500 मीटर दूर मिला मानव कंकाल : शरीर पर बची सिर्फ हड्डियां, एक पैर भी गायब, पास में मिली काली टी-शर्ट, पुलिस जांच में जुटी
