• Sat. Nov 14th, 2026

बेटी को स्कूल छोडऩे के लिए घर से निकली मां, कुछ देर बाद दो बच्चों के साथ कुएं में मिली लाशें, पांच साल की बेटी और तीन साल के बेटे के साथ कुएं में लगा दी छलांग

BySurendra Jain

Nov 14, 2026

खबर पक्की, 14 नवंबर, रतलाम। जिले के जावरा क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मीनाखेड़ा गांव में शनिवार सुबह एक 26 वर्षीय महिला ने अपनी पांच साल की बेटी और तीन साल के बेटे के साथ कुएं में छलांग लगा दी। हादसे में मां और दोनों मासूम बच्चों की मौत हो गई। घटना के पीछे की वजह फिलहाल सामने नहीं आई है। पुलिस पारिवारिक परिस्थितियों और घटना से पहले घर में हुए घटनाक्रम की जांच कर रही है।
मृतकों की पहचान दया बाई (26) पति हरिओम मालवीय, बेटी दक्षु (5) और बेटे अरविंद (3) के रूप में हुई है। महिला का पति खेती करता है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 8 बजे दया बाई अपनी बेटी को स्कूल छोडऩे की बात कहकर घर से निकली थी। उसने बेटी को स्कूल यूनिफॉर्म भी पहना रखी थी। वह अपने तीन वर्षीय बेटे को भी साथ लेकर गई थी। कुछ देर बाद महिला ने दोनों बच्चों के साथ परिवार के ही कुएं में छलांग लगा दी। यह कुआं घर से कुछ दूरी पर स्थित है।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी प्रयासों के बाद तीनों को कुएं से बाहर निकाला। उन्हें तत्काल जावरा के निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। सुबह करीब 10.30 बजे निजी अस्पताल से पुलिस को सूचना मिली। इसके बाद पुलिस तीनों को जावरा सिविल अस्पताल लेकर पहुंची। यहां डॉक्टरों ने दया बाई को भी मृत घोषित कर दिया।
घटना हुसैन टेकरी पुलिस चौकी क्षेत्र की है। चौकी प्रभारी रघुवीर जोशी के मुताबिक, महिला जिस कुएं में बच्चों के साथ कूदी, वह परिवार का ही है और घर से कुछ दूरी पर स्थित है।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि महिला ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। घटना से पहले घर में क्या परिस्थितियां थीं और परिवार में पति के अलावा कौन-कौन रहता है, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज नहीं हुए हैं। तीनों शवों का जावरा में पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि घटना के कारणों का पता जांच और परिजनों के बयान के बाद ही चल सकेगा।

error: Content is protected !!