मंदसौर। मंदसौर जिले के पिपलिया मंडी में शनिवार दोपहर मोटरसाइकिल पर सवार 3 बदमाशों ने एटीएम गार्ड की गोली मारकर हत्या कर दी। गार्ड एटीएम के बाहर गन लेकर खड़ा था ओर भीतर 2 कर्मचारी एटीएम में रूपए लोड कर रहे थे। आशंका है कि लूट के इरादे से इस वारदात को अंजाम दिया गया है। गार्ड की पहचान संजय लोधा निवासी चौधरी कॉलोनी मंदसौर है।
मंदसौर जिला पिछले कुछ दिनों से पूरे प्रदेश में खासा चर्चाओं में है। इस जिले में कानून व्यवस्था फेल होने के लगातार 3 मामले सामने आए है। पहले पिपलिया मंडी में किसान आंदोलन के दौरान 6 किसानों की पुलिस फायरिंग में मौत, 2 दिन पहले ही मंदसौर शहर में बदमाशों द्वारा 100 से ज्यादा वाहनों में तोड़फोड़ कर देने के घटनाक्रम हुए है। शनिवार को महू-नीमच फोरलेन स्थित पिपलिया मंडी में सर्विस लेन से सटे एटीएम पर 3 बदमाश गार्ड पर गोली दागकर फरार हो गए। घायल गार्ड को तत्काल ही अस्पताल ले जाया गया जहां उसने दम तोड़ दिया। फिलहाल पुलिस इस बात की पुष्टि नहीं कर पा रही है कि वारदात लूट के इरादे से की गई या मामला आपसी रंजिश का था। हालांकि वारदात के तत्काल बाद ही पुलिस ने मोटरसाइकिल पर सवार 3 युवकों को हिरासत में भी लिया है लेकिन ये आरोपी है अथवा नहीं इसकी पुष्टि नहीं की गई है।
