रतलाम। मुंबई-दिल्ली रेल मार्ग पर रतलाम के पास ग्राम सागोद में चलती ट्रेन से गिरने पर नविविवाहिता की मौत हो गई। वह सास व अन्य परिजन के साथ बामनिया से ट्रेन में सवार होकर पति के पास रामगंज मंडी जा रही थी। कोच में भीड़ ज्यादा से होने से घबराहट होने लगी। उल्टी करने के लिए वह कोच के दरवाजे के पास गई थी, तभी संतुलन बिगड़ने से वह ट्रेन से नीचे गिर गई। दीनदयाल नगर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार नीमा पति अरविंद मुनिया (18) निवासी ग्राम छोटा नाहरपुरा थाना थांदला जिला झाबुआ हालमुकाम रामगंज मंडी मंगलवार दोपहर करीब 1.30 बजे अपनी सास सविता पति हरचंद मुनिया, देवर कमलेश (10), भाभी मंजू पति भीमा (32) निवासी ग्राम तलावड़ा (झाबुआ) व अन्य के साथ बड़ोदरा-कोटा पार्सल ट्रेन में सवार होकर रामगंज मंडी जा रही थी। रतलाम से करीब 8 किलोमीटर दूर शाम करीब 4 बजे ग्राम सागोद के समीप घबराहट के चलते वह कोच के गेट तक गई। यहां वह उल्टी के लिए दरवाजे पर झुकी, उसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन से नीचे गिर गई। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सास व अन्य लोगों ने चेन खींचकर ट्रेन रुकवाने का प्रयास किया लेकिन ट्रेन नहीं रुकी। ट्रेन रतलाम स्टेशन आकर रुकी तो सास व अन्य परिजन जीआरपी थाने पहुंचे और घटना की जानकारी दी। जीआरपी ने दीनदयालनगर थाने को सूचना दी। दीनदयालनगर थाने से एएसआई जेएस तोमर मौके पर पहुंचे और लोगों की मदद से नीमा का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। कुछ देर बाद परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पोस्टमार्टम गुरुवार सुबह किया जाएगा।
चलती ट्रेन से गिरने से नविवाहिता की मौत, ढाई माह पहले हुई थी शादी
