• Sat. Nov 7th, 2026

जिला स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में मतगणना प्रक्रिया की जानकारी दी

BySurendra Jain

May 21, 2019

रतलाम। लोकसभा निर्वाचन 2019 के अंतर्गत 23 मई को होने वाली मतगणना प्रक्रिया की जानकारी जिला स्तरीय स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में दी गई। मंगलवार को नवीन कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित इस बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती रुचिका चौहान द्वारा राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को मतगणना प्रक्रिया तथा गणना एजेंटों के संबंध में आयोग के दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया। पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रवीण कुमार फुल पगारे, राजनीतिक दलों के पदाधिकारी पीयूष बाफना, मनोहर पोरवाल, राजेंद्र सिंह लुनेरा, जाफर हुसैन, जाहिद मंसूरी, एम.एल.नगावत, निर्वाचन सुपरवाइजर पटेल उपस्थित थे।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राजनीतिक दलों के 15-15 गणना एजेंट विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र जावरा तथा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र रतलाम शहर के गणना कक्षों में मौजूद रह सकेंगे। इसी प्रकार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र सैलाना, रतलाम ग्रामीण तथा आलोट के गणना कक्षों में 16-16 एजेंट रह सकेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने आग्रह किया कि राजनीतिक दल समझदार तथा परिपक्व गणना एजेंट नियुक्त करें। उसका आपराधिक बैकग्राउंड नहीं हो साथ ही 22 मई कि शाम तक अपने एजेंट की सूची संबंधित ए.आर.ओ को भिजवा दें। मतगणना दिवस पर सुबह 7:00 बजे तक गणना एजेंट मतगणना स्थल पर पहुंच जाएं। मतगणना स्थल पर मोबाइल, पान, बीड़ी, सिगरेट, तंबाकू, माचिस, लाइटर की अनुमति नहीं रहेगी।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा राजनीतिक दलों को लोकसभा निर्वाचन के लिए की जाने वाली मतगणना की क्रमवार प्रक्रिया से अवगत कराया गया। पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी ने मतगणना परिसर में प्रविष्ट होने के निर्धारित स्थानों एवं पार्किंग स्थल से अवगत कराया।

error: Content is protected !!