रतलाम। लोकसभा निर्वाचन-2019 के तहत रतलाम जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों के लिए मतगणना का कार्य 23 मई को शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय रतलाम पर किया जाएगा। मतगणना कार्य के लिए विधानसभावार सात कक्षों में समस्त व्यवस्थाएं की गई है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती रुचिका चौहान एवं जिला पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी ने इन व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ सोमेश मिश्रा, एडीएम जितेंद्र सिंह चौहान एवं संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
निरीक्षण के दौरान मतगणना केंद्रों पर मतगणनाकर्मियों के लिए प्रवेश मार्ग ,मतगणना अभिकर्ताओं के प्रवेश मार्ग,मीडियाकर्मियों का प्रवेश मार्ग निर्धारित किया गया। विधानसभावार कक्षों में लगाई जाने वाली टेबलों एवं वहां बेरिकेटिंग संबंधी आवश्यक निर्देश दिए गए।स्ट्रांग रूम से ईवीएम को लाने एवं ले जाने के लिए नियोजित कर्मचारियों के आवागमन के मार्ग को निर्धारित कर उसे बैरिकेटिंग से व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही मतगणना केंद्र पर कूलर लगाने एवं आवश्यक स्थानों पर छाया के इंतजाम के साथ पेयजल, सुविधाघर, सफाई व्यवस्था संबंधी आवश्यक निर्देश भी दिए गए।
निर्बाध विद्युत व्यवस्था के निर्देश
मतगणना स्थल पर मतगणना कक्ष एवं मतगणना हेतु नियोजित समस्त क़क्षों में निर्बाध विद्युत व्यवस्था समुचित सुरक्षा के अनुरूप करने के निर्देश कार्यपालन यंत्री को दिए गए। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि इस कार्य के लिए नियोजित कर्मचारी को मौके पर भेजकर विद्युत कनेक्शन का परीक्षण कर किसी प्रकार की बाधा होने पर उसे दुरूस्त करना सुनिश्चित करें।
मतगणना स्थल के लिए पार्किंग एवं डायवर्शन प्लॉन निर्धारित
लोकसभा निर्वाचन 2019 के तहत जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्र की मतगणना का कार्य 23 मई को शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय रतलाम पर होगा। मतगणना स्थल एवं इसके आसपास के क्षेत्रों पर यातायात को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा पार्किंग एवं डायवर्शन प्लान बनाया गया है। यह पाकिंग प्लॉन एवं डायवर्शन प्लॉन 23 मई को प्रात 05 बजे से लागू कर दिया जायेगा।
आरोग्यम हॉस्पिटल तिराहे से नगर निगम तिराहा राजा रतनसिंह जी की प्रतिमा अमरेश्वर महादेव मंदिर गेट नम्बर 03 तक समस्त प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। उक्त क्षेत्र नोव्हीकल जोन रहेगा।
लोकसभा चुनाव प्रेक्षक महोदय एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के वाहन आर्टस एण्ड साईस कॉलेज के सामने गेट नम्बर 03 से प्रवेश कर मुख्य भवन के सामने पार्क होंगे।
मतगणना इयूटी में लगे पुलिस,शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथामतगणना में लगे प्रत्याशियों के प्रतिनिधियों का प्रवेश नगर निगम तिराहा राजा रतनसिंह की प्रतिमा के पास अमरेश्वर महादेव मंदिर के सामने आर्टस एण्ड साईंस कॉलेज के सामने गेट नम्बर 03 से होगा। गेट नम्बर 3 से प्रवेश के उपरान्त मतगणना इयूटी में लगे प्रत्याशियों/उनके प्रतिनिधियों एवं मीडिया (प्रेस) के वाहन आर्ट्स एण्ड साईंस कॉलेज के ग्राउण्ड में प्रथम भाग में ही पार्क किये जायेंगे ।
मतगणना इयूटी में लगे पुलिस/शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के वाहन गेट नम्बर 3 से प्रवेश के उपरान्त आर्ट्स एण्ड साईस कॉलेज के ग्राउण्ड में व्दितीय भाग में ही पार्क किये जायेंगे ।
छत्री पुल से नगर निगम व आर्टस एण्ड साइंस कॉलेज की ओर जाने वाले सामान्य वाहन 23 मई को प्रात: 05.00 बजे से डायवर्ट किये जाएंगे जो कि दो बत्ती चौराहा से न्यू रोड़ गुरुद्वारा की ओर से लोकेन्द्र टॉकीज होते हुए शहर के अन्दर जा सकेंगे। रतलाम विकास प्राधिकरण हाथीखाना की ओर से वाहन नगर निगम तिराहा एवं आर्ट्स एवंसाइंस कॉलेज की ओर नहीं जा सकेंगे। गुलाब चक्कर, पुराना कलेक्टोरेट होते हुए आ जा सकेंगे।
नाहरपुरा तिराहा से नगर निगम की ओर आने वाले समस्त चार पहिया एवं दो पहिया वाहन आरोग्य होस्पिटल के सामने एवं मानव सेवा समिति ब्लड बैंक के सामने से सिविल हॉस्पिटल एवं जिला जेल होते हुए आ जा सकेंगे।
रतलाम शहर,रतलाम ग्रामीण जावरा तहसील, आलोट तहसील एवं सैलाना लोकसभा क्षेत्र की मतगणना सुनने के लिये आने वाले आम नागरिको के दो पहिया एवं चार पहिया वाहन महलवाड़ा के अन्दर पुराने महल के सामने खाली ग्राउण्ड पर पार्क किये जाएंगे।
लोकसभा क्षेत्र की मतगणना सुनने के लिये आने वाले आम नागरिकों के वाहन एनसीसी कार्यालय के पास से होते हुए मतदान सामग्री संग्रह ग्राउण्ड के सामने पेड़ों के बीच पार्क किये जा सकेंगे।
लोकसभा क्षेत्र की मतगणना सुनने के लिये आने वाले आम नागरिको के दो पहिया वाहन जिला जेल एवं सिविल अस्पताल की बाउण्ड्री वॉल के किनारे पार्क किये जा सकेंग।
लोकसभा क्षेत्र की मतगणना सुनने के लिये आने वाले आम नागरिको के दो पहिया वाहन रतलाम विकास प्राधिकरण के सामने शासकीय नव उन्नत कन्या माध्यमिक स्कूल/जन शिक्षाअधिकारी कार्यालय हाथीखाना के पास पार्क किये जा सकेंगे।
मतगणना इयूटी में लगे शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा लोकसभा चुनाव के प्रत्याशियों एवं उनके प्रतिनिधियों व आम नागरिकों से यातायात पुलिस ने अपील की है कि मतगणना दिवस के लिए यातायात पुलिस रतलाम द्वारा की गई पार्किग व्यवस्था तथा यातायात डायवर्शन व्यवस्था में आवश्यक सहयोग करें।
मतगणना केंद्र की व्यवस्थाओं का कलेक्टर, एसपी ने निरीक्षण किया
