• Wed. Sep 16th, 2026

कार से आए, 50 मिनिट रूके और लाखों का माल लेकर चंपत हो गए चोर

BySurendra Jain

Jun 29, 2017

रतलाम। शहर के व्यस्त बाजार नाहरपुरा में बुधवार-गुरूवार की दरमियानी रात पान मसाला व्यापारी की दुकान में चोरी की वारदात हो गई। चोर 2 मोटरसाइकिलों और कार से यहां आए, दुकान के नकूचे चटकाए और आराम से गाड़ी में मालभर चंपत हो गए। न गश्त पार्टियों को भनक लगी न आसपास के रहवासियों को। इस दुकान से करीब 2 लाख रूपए कीमत का सामान चोरी हुआ है।

नाहरपुरा चौराहे की गुरूनानक पान मसाला दुकान पर चोरी की यह वारदात हुई है। दुकान संचालक दीपक केवलानी सुबह दुकान पर पहुंचे तब चोरी का खुलासा हुआ। चोर यहां से पान मसाला के कार्टून और नगद रूपए व चिल्लर तक समेट गए। दुकान के सामने ही लगे क्लोज सर्किट कैमरों में पूरी वारदात कैद भी हुई है। रात करीब 2.15 से 3.05 यानि करीब 50 मिनिट चोर यहां रूके थे। 2 मोटरसाइकिलों पर 4 और ग्रे रंग की इको गाड़ी में 3 लोग सवार थे। बड़े आराम से इन्होंने ताला चटकाए, माल लोड किया और चंपत हो गए। बीच बाजार में मुख्य सड़क पर 50 मिनिट तक रूककर चोरों का माल समेट लेना पुलिस की गश्त पर ही सवालिया निशान लगाता है।

error: Content is protected !!