आलोट। रतलाम के आलोट शहर में कांग्रेस के स्टार प्रचारक नवजोत सिंह सिद्धू की आज सुबह कांग्रेस उम्मीवार बाबू लाल मालवीय के समर्थन में एक सभा थी। लेकिन उनके आने से पहले ही सभास्थल पर भाजपा कार्यकर्ता काले झंडे लेकर पहुंच गए। विवाद इतना बढ़ा कि भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और कुछ देर में मारपीट के साथ ही पत्थरबाजी शुरू हो गई। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश कोठारी की जमकर पिटाई कर दी। जैसे-तैसे पुलिस ने उन्हें कांग्रेसी कार्यकर्ताओं से छुड़ाया। इतना ही नहीं गुस्साए कांग्रेसियों ने जनपद अध्य़क्ष कालू सिंह परिहार को भी पीटा और उनके घर पर जमकर पत्थर बरसाए। खुद कांग्रेस विधायक मनोज चावला भी पत्थर बरसाते नजर आए। दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच हुई पत्थरबाजी के बाद शहर में अफरा-तफरी मच कई और बाजार बंद हो गए। पुलिस ने इस मामले में जनपद अध्यक्ष कालू सिंह परिहार और भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश कोठारी, कुशाल सिंह परिहार, अमन मादलिया को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल सिद्धू सभा के लिए आलोट नहीं पहुंचे हैं।
