रीवा। सतना नगर निगम के आयुक्त सुरेंद्र कथोरिया को सोमवार को लोकायुक्त रीवा की टीम ने गिरफ्तार किया है। सोमवार दोपहर लोकायुक्त की टीम ने निगम आयुक्त के निवास पर छापा मारा और उन्हें 12 लाख रूपए नगद व 10 लाख रूपए कीमत के सोने के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आयुक्त सुरेंद्र कथोरिया ने एक नर्सिंग होम को अतिक्रमण से बचाने के एवज में 50 लाख रूपए की रिश्वत की मांग की थी। इनमें से 40 लाख रूपए उन्हें नगद और 10 लाख रूपए कीमत का सोना चाहिए था। रिश्वत मांगे जाने का प्रकरण लोकायुक्त के पास पहुंचा तो रीवा की टीम ने उनके निवास की घेराबंदी करने की प्लानिंग तय की थी। जिस नर्सिंग होम के लिए रिश्वत मांगी गई वह शाकुंतलम नर्सिंग होम राजकुमार अग्रवाल दंपत्ति का है। इसे गिराने के लिए पुरानी नगर निगम परिषद में प्रस्ताव पारित हो चुका था। लोकायुक्त डीएसपी देवेश पाठक के अनुसार निगम आयुक्त के पास यह मामला लंबित था।
