खबर पक्की, 30 अक्टूबर, रतलाम। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत कलेक्टर अजय कटेसरिया एवं नगर निगम महापौर प्रहलाद पटेल ने पलसोड़ा रोड स्थित निर्माणाधीन फायर स्टेशन का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने निर्माण कार्यों का अवलोकन करते हुए बताया कि लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा फायर स्टेशन जून 2027 तक तैयार हो जाएगा। यहां 10 फायर ब्रिगेड वाहन रखने की व्यवस्था रहेगी।
कलेक्टर ने बताया कि फायर स्टेशन शहर के बाहरी क्षेत्र में बनाया जा रहा है, जिससे शहर के किसी भी क्षेत्र में आपात स्थिति होने पर फायर ब्रिगेड कम समय में पहुंच सकेगी। फायर स्टेशन के ऊपर कार्यालय का निर्माण भी किया जा रहा है, जहां अधिकारी एवं कर्मचारी रहेंगे। निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त अनिल भाना सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
इसके पश्चात कलेक्टर एवं महापौर ने ग्राम पालसोड़ा पहुंचकर स्वामित्व योजना के अंतर्गत रजिस्ट्री कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने हितग्राही श्री मंगलगिरी से चर्चा की तथा मौके पर ही उनकी स्वामित्व रजिस्ट्री की प्रक्रिया संपन्न करवाई। कलेक्टर ने स्वयं रजिस्ट्री की प्रक्रिया देखी और सर्वे कार्य की जानकारी भी प्राप्त की।
हितग्राही श्री मंगलगिरी ने बताया कि उनके 12 बाय 50 फीट के भूखंड पर मकान बना हुआ है, जिसकी स्वामित्व रजिस्ट्री उन्हें प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि रजिस्ट्री मिलने से अब वे अपने मकान के वास्तविक मालिक बन गए हैं और आवश्यकता पडऩे पर इस संपत्ति के आधार पर ऋण भी प्राप्त कर सकेंगे।
इसके बाद कलेक्टर ने नगर निगम के खराब एवं अनुपयोगी कचरा वाहनों के रखरखाव स्थल का निरीक्षण किया। यहां लगभग 42 खराब वाहन पाए गए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कबाड़ हो चुके वाहनों के निस्तारण के लिए तत्काल टेंडर प्रक्रिया पूरी कर उन्हें हटाया जाए।
3 करोड़ रुपये की लागत से जून 2027 तक तैयार होगा फायर स्टेशन : कलेक्टर, कलेक्टर एवं महापौर ने पलसोड़ा में निर्माणाधीन फायर स्टेशन और स्वामित्व रजिस्ट्री कार्यों का किया अवलोकन
