मंदसौर। दो दिन पहले सीतामऊ थाना क्षेत्र के ग्राम खेजड़िया में 7-8 कंजरों का सामना कर भगाने वाले एसएएफ जवान की बुधवार अल सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। जवान का शव चौकी के बाहर सीतामऊ-सुवासरा मार्ग पर पड़ा मिला। बताया जा रहा कि बंदूक साफ करते समय गोली चलने से जवान की मौत हुई है। जानकारी के अनुसार ग्राम खेजड़िया स्थित चौकी पर तैनात एसएएफ जवान रवि यादव की बुधवार सुबह 4 बजे खुद की रायफल साफ करते हुए गोली लगने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर एसपी विवेक अग्रवाल, सीतामऊ एसडीओपी ओपी शर्मा सहित अन्य अधिकारी भी पहुंचे। आठ बजे जवान का शव सीतामऊ अस्पताल लाया गया।
उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले ही रात में रवि यादव ने अपने एक साथी जवान के साथ मिलकर हथियारों से लैस कंजरों का मुकाबला किया था। कंजरों ने हवाई फायर व पथराव किया था। उसके बाद भी जवानों ने पीछा किया तो कंजर दो बाइक छोड़कर राजस्थान तरफ भाग गए थे। उसके दो दिन बाद ही जवान की गोली लगने से मौत मामले को संदिग्ध बना रही है। जवान का शव भी चौकी के बाहर सड़क पर मिला है।
