• Fri. Aug 14th, 2026

ट्रक से जा भिड़ी बस, 7 की मौत, 34 घायल

BySurendra Jain

Apr 21, 2019

मैनपुरी। उत्तर प्रदेश के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर रविवार सुबह भीषण सड़क हादसा हुआ है। खबर है कि यात्रियों से भरी एक बस की ट्रक से भिड़ंत हो गई। हादसे में 7 लोगों के मारे जाने और 34 अन्य के घायल होने की सूचना है। मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है, क्योंकि घायलों में कई की हालत खराब है। हादसा मैनपुर के नजदीक हुआ है। पुलिस-प्रशासन मौके पर पहुंच गया है और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया है। अभी हादसे के कारणों का पता नहीं चला है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के आगे का हिस्सा तहस-नहस हो गया और वो पलट गई। सबसे पहले आसपास के गांव वालों को इसकी जानकारी मिली और वे मौके पर पहुंचे।

इस एक्सप्रेस वे पर सड़क दुर्घटना आम बात होती जा रही है। बीती 29 मार्च को भी ऐसी ही एक दुर्घटना में 8 लोग मारे गए थे। तब आगरा से ग्रेटर नोएडा की तरफ आ रही तेज रफ्तार डबल डेकर बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी बस लगभग चार फीट तक ट्रक के अंदर घुस गई। घटना में बस चालक समेत उसमें सवार आठ लोगों की मौत हो गई थी। 28 लोग घायल हो गए थे।

तब एक्सप्रेस वे का संचालन करने वाली जेपी इंफ्राटेक कंपनी ने यमुना प्राधिकरण को दी रिपोर्ट में बताया था कि बस चालक को झपकी आने से हादसा हुआ है। जांच में पता चला है कि ट्रक का पिछला टायर फटा था। आशंका यह भी है कि टायर फटने से ट्रक अनियंत्रित हुआ और बस उसमें टकरा गई थी।

You missed

error: Content is protected !!