कोलंबो। ईस्टर के मौके पर श्रीलंका में ईसाइयों को निशाना बनाया गया। यहां के सबसे बड़े शहर कोलंबो में रविवार सुबह सीरियल ब्लास्ट हुए। कोलंबो के तीन बड़े चर्चों और तीन होटलों में हुए इन धमाकों में अब तक 129 लोगों के मरने की पुष्टि हो चुकी है। 500 से ज्यादा लोग घायल बताए गए हैं। मृतकों में 10 विदेशी नागरिक शामिल हैं। कहीं-कहीं मृतकों का आंकड़ा 160 बताया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स में इसे आतंकी हमला बताया गया है। हालांकि अभी आधिकारिक रूप से कोई बयान नहीं आया है। स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 8.45 बजे हमले हुए हैं। भारत सरकार भी हालात पर नजर रखे हुए है। अब तक किसी भारतीय के मरने की सूचना नहीं है। श्रीलंका ने जांच में भारत की मदद लेने का फैसला किया है। पढ़िए हर अपडेट –
कोलंबो के 3 चर्चों और 3 बड़े होटलों को निशाना बनाया गया है। पहला धमाका यहां की शंगरीला होटल में हुआ। पुलिस और सेना ने पूरा इलाका घेर लिया है। आशंका है कि और स्थानों पर बम हो सकते हैं। श्रीलंका के प्रधानमंत्री आर. विक्रमासिंघे ने आपात बैठक बुलाई है और कोलंबो शहर में सेना तैनात कर दी गई है। वहीं राष्ट्रपति सिरीसेना ने ट्वीट किया है कि साजिशकर्ता की पहचान के लिए जांच हो रही है। लोग अफवाह पर ध्यान न दें।
कोलंबो सिटी में 22 लोग मारे गए हैं। वहीं नेगोंबो इलाके में 61 और बट्टीकारले में 32 की जान गई है। श्रीलंका में स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे। पुलिस वालों की छुट्टियां रद्द कर दी गई है।
