खबर पक्की, 29 सितंबर, रतलाम। जिन वरिष्ठजनों ने अपने जीवन के अनमोल वर्षों में परिवार और समाज को संवारने में महत्वपूर्ण योगदान दिया, उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा रतलाम एवं सामाजिक न्याय विभाग द्वारा अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है।
1 अक्टूबर को प्रात: 9.30 बजे वीरियाखेड़ी स्थित वृद्धाश्रम में आयोजित समारोह में वृद्धाश्रम के वरिष्ठजनों सहित 90 वर्ष से अधिक आयु के 70 से ज्यादा वृद्धजनों का सम्मान किया जाएगा।
रेडक्रॉस चेयरमैन प्रितेश गादिया ने बताया कि वृद्धजनों का सम्मान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज की ओर से उनके अनुभव, त्याग और योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है।
समारोह में महापौर प्रहलाद पटेल, निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, रतलाम विकास प्राधिकरण अध्यक्ष मनोहर पोरवाल, एडीएम बृजेंद्र सिंह रावत एवं रेडक्रॉस सोसायटी मध्यप्रदेश के वाइस चेयरमैन मनीष रावल सहित अनेक गणमान्यजन एवं समाजसेवी उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समिति के वाइस चेयरमैन सुशील मूणत, कोषाध्यक्ष संजय लूनिया, सचिव मानस पुरोहित तथा संचालक सदस्य हेमंत मूणत, अशोक जैन लाला, सुलोचना शर्मा, सुनील पारीक, राजेश राका एवं दिनेश बरमेचा ने सभी सामाजिक संगठनों, समाजजनों एवं रेडक्रॉस सदस्यों से समारोह में सहभागी बनने की अपील की है। वृद्धों का सम्मान, समाज की संवेदनशीलता और संस्कारों की पहचान है।
