खबर पक्की, 29 सितंबर, रतलाम। दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार सुबह कुछ ही घंटों के अंतराल में हुए दो दर्दनाक सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हुए हैं। दोनों हादसे जावरा औद्योगिक थाना क्षेत्र में हुए। पहला हादसा तड़के करीब 4.30 बजे हुआ, जबकि दूसरा हादसा करीब 6.30 बजे हुआ। दोनों दुर्घटनाओं में कारें एक्सप्रेस-वे की रेलिंग से टकराने के बाद नीचे खाई में जा गिरीं।
पहले हादसे में पंजाब के परिवार की कार करीब 30 फीट नीचे गिरी
जावरा औद्योगिक थाना प्रभारी प्रकाश गडरिया के अनुसार, पहला हादसा मंगलवार तड़के करीब 4.30 बजे हुआ। पंजाब का एक परिवार कार से मुंबई जा रहा था। इसी दौरान चालक को झपकी लगने की आशंका है। कार अनियंत्रित होकर 8 लेन एक्सप्रेस-वे के बीच बनी रेलिंग को तोड़ते हुए करीब 30 फीट नीचे खाई में जा गिरी।
हादसे में 67 वर्षीय नरेंद्र कौर और उनकी 32 वर्षीय बहू मनप्रीत कौर की मौत हो गई। कार में सवार अन्य लोग घायल हुए हैं। दूसरी गाडिय़ों के चालकों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल जावरा अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
टूटी रेलिंग बनी दूसरे हादसे की वजह
पहले हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे की रेलिंग टूट गई थी। पुलिस टीम सुबह करीब 6.30 बजे घटनास्थल का मौका मुआयना कर रही थी, तभी एक दूसरी कार तेज रफ्तार में वहां से गुजरते समय हवा में उछल गई और सड़क के बीच बनी बाउंड्री से टकराने के बाद खाई में जा गिरी।
इस दूसरी कार में गुजरात के दाहोद का परिवार सवार था, जो उत्तर प्रदेश से इलाज करवाकर वापस लौट रहा था। हादसे में कार सवार दो पुरुषों की मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हुए हैं।
दो हादसों से एक्सप्रेस-वे पर मचा हड़कंप
लगभग दो घंटे के अंतराल में एक ही स्थान के आसपास हुए इन दो हादसों से एक्सप्रेस-वे पर हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पहले हादसे में कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से रेलिंग क्षतिग्रस्त हुई और इसके बाद उसी टूटे हिस्से के कारण दूसरी कार भी दुर्घटना का शिकार हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है।
8 लेन एक्सप्रेस-वे पर मौत का सिलसिला- कुछ घंटों में हुए दो दर्दनाक सड़क हादसे, 4 की मौत, 8 घायल
