खबर पक्की : रतलाम ,जावरा के बालिका बाल गृह को लेकर हर दिन हो रहे नए खुलासों के बाद जनता का गुस्सा बढ़ता जा रहा है और इस मामले से जुड़े हर व्यक्ति पर कार्रवाई की मांग की जा रही है। कुंदन कुटीर आश्रम में बच्चियों के मानसिक और शारीरिक शोषण के खिलाफ सोमवार को रतलाम नगर की तीन दर्जन संस्थाओं ने सडक़ पर उतर कर विरोध प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री के नाम पर कलेक्टर श्रीमति रुचिका चौहान को ज्ञापन भी दिया है।
बालिका बालगृह कांड के विरोध में आज दोपहर विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी अपनी-अपनी संस्था के ज्ञापन लेकर आज कोर्ट चौराहे पहुचे यहां से घटना के विरोध स्वरुप वाहन रैली निकाली जो नए कलेक्टर कार्यालय पहुची जंहा संस्था पदाधिकारियों ने नारेबाजी करते हुए जावरा कांड से जुड़े नरपिशाचों को फांसी देने और दोषी अधिकारी कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त कर इन पर आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की है।
कई चेहरों से उतरेगा नकाब
मुख्यमंत्री के नाम दिए गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि जावरा के पिपलौदा रोड़ स्थित कुंदन कुटीर बालिका गृह मेें रहने वाली बालिकाओं के शारीरिक और मानसिक शोषण का मामला ह्दय विदारक है। इस तरह के अपराध को अंजाम देने वालों को नरपिशाच की संज्ञा दी जाना चाहिए। अगर इस मामले की तह तक छानबीन की जाए तो कई चेहरे अपराधियों के रुप में सामने आएगे।
जावरा में हुए इस जघन्य अपराध को लेकर जिला और प्रशासन की जांच का रवैया शिथिल नजर आ रहा है। इस अपराध में जितने दोषी बाल कल्याण समिति व कुंदन कुटीर के अध्यक्ष व सदस्य जिम्मेदार है उतने ही जिम्मेदार महिला एवं बाल विकास विभाग के वो अफसर व कर्मचारी भी दोषी है जिन पर आश्रम के निरीक्षण व दोष पाए जाने पर कार्रवाई का दायित्व है। इस संगीन अपराध की सजा इन शासकीय जिम्मेदारों के खिलाफ भी आपराधिक प्रकरण दर्ज कर मिलना चाहिए। साथ ही बेटियों को रतलाम जिला मुख्यालय पर ही किसी आश्रम या छात्रावास में रखा जाए, क्योकि जिले से दूर रहने वाली बेटियों पर अपराधीगण व इनके समर्थक दबाव डलवा कर जांच को प्रभावित भी करवा सकते है।
पूरे मामले की जांच उच्च स्तर के अधिकारियों को कराई जाकर मौजूदा जांच टीम को हटाया जाए व इस मामले में जितने भी दोषी है उन्हे उनकी सेवा से बर्खास्त कर इनके खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाए। इसी के साथ रतलाम जिले से जुड़े समस्त शासकीय व अशासकीय कन्या स्कूल,कालेज, छात्रावास, होस्टल की भी सघन जांच कर बेटियों का भविष्य सुरक्षित किया जाए।
ये संस्थाए रही शामिल
सोमवार को वाहन रैली के साथ दिए गए ज्ञापन के अवसर पर परशुराम युवा मंच ब्राह्मण समाज के हर्ष दशोत्तर अपने साथियों के साथ मौजूद रहे इसी तरह भगवा स्वयं सेवक संघ मध्यप्रदेश के मोतीलाल जैन, व राखी व्यास दिगम्बर जैन समाज के मांगीलाल जैन,लायंस क्लब के राजकमल जैन, लायंस क्लासिक के बीके जौशी, कमलेश पालीवाल, सराफा एसोसिएशन से संजय छाजेड़, सहयोग महिला समिति की अध्यक्ष श्रीमती भाटी, प्रतिभा महिला विकास संस्था की मीना जैन, इस्लामिया ए हिन्द कमेटी के इक्का बैलुत, आटोडील ऐसोशिएशन के शिवनारायण हाड़ा, जावरा फाटक रेलवे अंडर ब्रिज समिति के शेरु पठान, ग्राम पंचायत सेजावता के शंकरलाल मालवीय, मंसूर अली पटौदी, अ.भा. पोरवाल सोश्यल ग्रुप के ओपी पोरवाल, कांग्रेस आईटी सेल के हिम्मत जैथवार, धर्मदास जैन श्रीसंघ के पदाधिकारी अजित मेहता व अरविन्द मेहता सद
रोटरी क्लब रतलाम प्राईम के अंशुल पिपाड़ा व सदस्य मालवा श्रमजीवी पत्रकार संघ के संतोष तालोदिया, मुंदड़ी ब्लाक महिला मोर्चा अध्यक्ष राखी देवदा, राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष अजयसिंह चौहान, जयस संस्था के संरक्षक डां.अभय औहरी, युवा किसान संघ के राजेश पुरोहित व समरथ पाटीदार, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश भरावा, डी पी धाकड़, युवाम से धर्मेन्द्र मंडवारिया, विजय चौहान भाजपा i t सेल के नीलेश गाँधी पूर्व महापौर शैलेन्द्र डागा, सरपंच संघ के राजीव देवदा और बाबूलाल पाटीदार, रिगंनोद के उप सरपंच युसुफ खान पठान, दुग्ध संघ के डायरेक्टर जगदीश पंचोली, हिमांशु जोशी और श्री त्रिवेदी मेवाड़ा ब्राह्मण समाज से हेमन्त भट्ट , डॉ महेश मोर्य, सुषमा श्रीवास्तव, प्रीति सोंलकी, सुलोचना शर्मा, यास्मीन शैरानी निगम अध्य्क्ष अशोक पोरवाल राजेश कटारिया, शिक्षक संघ के दिनेश शर्मा ,सन्दीप निगम, पूर्व प्रेस क्लब अध्यक्ष सुरेंद्र जैन सहित अनेक सामजिक व राजनितिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कलेक्टर बोली जांच में कोताही नही होगी
इधर ज्ञापन दिए जाने के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने कहां इस पूरे प्रकरण पर प्रशासन की निगाह है और हर बिंदू पर नजर रखी जाकर उसकी जांच की जा रही है। महिला सशक्तिकरण अधिकारी को पूर्व में हटा दिया गया है और आज महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी सुषमा भदौरिया को भी संभागायुक्त ने निलंबित कर इनका मुख्यालय उज्जैन किया है। इस बालिका गृह से जुड़ी हर बच्ची से पूछताछ की जाएगी और इस पूरे प्रकरण में जो-जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई होगी।
