खबर पक्की, 28 अक्टूबर, रतलाम। शहर के प्रमुख सराफा बाजार चौमुखीपुल स्थित भंडारी ज्वेलर्स में हुई नकबजनी की वारदात का माणकचौक पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 4 किलो आर्टिफिशियल ज्वेलरी और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जब्त की गई है। चोरी गई करीब 20 हजार रुपये की नकदी बरामद होने की भी जानकारी पुलिस ने दी है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
बुधवार को एसपी अमित कुमार ने इस पूरे मामले का खुलासा किया। इस दौरान सीएसपी सत्येन्द्र घनघोरिया भी मौजूद रहे।
असली सोने-चांदी की दुकान समझकर घुसे आरोपी
एसपी अमित कुमार ने बताया कि आरोपी भंडारी ज्वेलर्स को असली सोने-चांदी के आभूषणों की दुकान समझकर अंदर घुसे थे। दुकान से आर्टिफिशियल व्हाइट मेटल की पायल, कंदोरे, कड़ी और नकदी चोरी की गई। आरोपियों ने महज 5 से 7 मिनट में वारदात को अंजाम दिया और मौके से निकल गए। शहर के प्रमुख सराफा बाजार में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं।
सीसीटीवी और तकनीकी संसाधनों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
फरियादी रजत भंडारी (42), निवासी चौमुखीपुल, ने 21 अक्टूबर को माणकचौक थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने धारा 331(4) और 305(ए) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
एसपी अमित कुमार के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर राकेश पंद्रो और सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी संसाधनों की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड, दिल्ली में भी वारदात की जानकारी
पुलिस ने मामले में मोहनसिंह चावला (21), निवासी उमरठी, जिला बड़वानी और राजवीरसिंह भोड़ (23), निवासी आकाश नगर, इंदौर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी और नकबजनी के मामले दर्ज हैं। मोहनसिंह के खिलाफ चार और राजवीरसिंह के खिलाफ 12 अपराधों का रिकॉर्ड बताया गया है।
पुलिस के सामने यह जानकारी भी आई है कि आरोपियों ने दिल्ली में भी वारदात की है। इस संबंध में और अन्य संभावित अपराधों को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के बीच जीजा-साले का रिश्ता बताया जा रहा है।
मामले में मुख्य आरोपी गुरदीपसिंह चावला, निवासी आकाश नगर, इंदौर फरार है। उसके खिलाफ भी चोरी और नकबजनी के 14 अपराध दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी चोरी की होने की आशंका
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल होंडा साइन मोटरसाइकिल जब्त की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल भी चोरी की हो सकती है। पुलिस इसके संबंध में जानकारी जुटा रही है, ताकि वाहन के वास्तविक मालिक और चोरी से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके।
पड़ोस की ज्वेलरी शॉप का वॉचमैन भी सो रहा था!
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि घटनास्थल के पास ही एक बड़ी ज्वेलरी शॉप भी है, जहां तैनात वॉचमैन भी सो रहे थे। सराफा बाजार जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में हुई चोरी को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने कार्रवाई की है। मामले में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के साथ माणकचौक थाने पर पदस्थ बीट प्रभारी हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान सहित माणकचौक थाना पुलिस, साइबर सेल और अन्य थानों के पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की भूमिका रही। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच में जुटी है।
चौमुखीपुल ज्वेलरी शॉप पर हुई चोरी की वारदात का पर्दाफाश, असली सोने-चांदी की दुकान समझकर घुसे थे आरोपी, जीजा-साले गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार, बीट प्रभारी हेड कांस्टेबल निलंबित
